नए साल को लेकर जिलेभर में शुरू हुआ सघन वाहन जांच अभियान

Spread the love

धनबाद, 27 दिसंबर । नए साल के मद्देनजर यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने और सड़क सुरक्षा बढ़ाने को लेकर ट्रैफिक पुलिस की ओर से धनबाद के सभी चौक-चौराहों पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान में हेलमेट, सीट बेल्ट, ट्रिपल लोडिंग, ड्रिंक एंड ड्राइव, ओवरस्पीडिंग जैसे नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।

इस संबंध में ट्रैफिक इंस्पेक्टर लव कुमार ने शनिवार को बताया कि नए साल को देखते हुए शहर के हर चौक चौराहों पर वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस की ओर से चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य जश्न के दौरान होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को रोकना है। साथ ही उपयुक्त व्यवस्था बनाए रखना है।

उन्होंने बताया कि इसके लिए अव्यवस्थित पार्किंग, सड़क पर बैरीकेटिंग और स्टंटबाजी करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि नए साल के अवसर पर सावधानी बरतें और गाड़ी धीरे चलाएं, ताकि दुर्घटना से बचा जा सके।