खूंटी, 27 दिसंबर । झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) जिला के तत्वावधान में शनिवार को वीजी जी राम जी बिल- 2025 के विरोध में धरना देकर विरोध दर्ज किया गया।
धरना कार्यक्रम की अध्यक्षता झामुमो जिला अध्यक्ष ज़ुबैर अहमद ने की। धरना स्थल पर सैकड़ों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, पदाधिकारी और ग्रामीण जुटे।
धरने को संबोधित करते हुए विधायक राम सूर्या मुंडा ने कहा कि यदि सरकार ने इस बिल को वापस नहीं लिया, तो झामुमो पूरे जिले में चरणबद्ध तरीके से आंदोलन तेज करेगा। वहीं पार्टी के जिला अध्यक्ष ज़ुबैर अहमद ने कहा कि वीजी जी राम जी बिल-2025 ग्रामीण समाज के संवैधानिक अधिकारों का हनन करता है। यह बिल ग्रामसभा की शक्तियों को कमजोर करने वाला और जनविरोधी है, जिसे झामुमो किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगा।
केंद्रीय सदस्य सुशांति कोनगाड़ी, बिरेन कडुलना, अमरनाथ मुंडा, मकसूद अंसारी और भोलानाथ लाल ने एकजुटता दिखाते हुए आंदोलन को समर्थन दिया। जिला संगठन की ओर से सचिव सुशील पहान, उपाध्यक्ष सनिका बोदरा, संगठन सचिव शंकर सिंह मुंडा, प्रदीप केसरी, सह सचिव मोजीर अंसारी, डिक्सन पूर्ति, महिला उपाध्यक्ष नेली डहंगा और शिशिर तोपनो ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
आंदोलन में महिला मोर्चा, युवा मोर्चा, किसान, छात्र, क्रीड़ा और बुद्धिजीवी मोर्चा के पदाधिकारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। साथ ही रनिया, तोरपा, मुरहू और कर्रा प्रखंडों से आए पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं की भारी मौजूदगी रही।
धरने के बाद झामुमो के प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति के नाम से उपायुक्त ज्ञापन सौंपकर वीजी जी राम जी बिल-2025 का नाम हटाने और बिल को वापस लेने की मांग की।