नवादा, 30 मार्च ।नवादा जिले के रोह प्रखंड में रामनवमी जुलूस के दौरान भड़की सांप्रदायिक हिंसा के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए अब तक 20 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना शनिवार की रात उस समय हुई, जब जुलूस के दौरान अचानक पत्थरबाजी शुरू हो गई, जिसके बाद स्थिति बेकाबू हो गई और कई दुकानों व ठेलों में आग लगा दी गई। इस घटना से इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया था।
हालांकि, प्रशासन की तत्परता और भारी पुलिस बल की तैनाती के बाद अब स्थिति सामान्य बताई जा रही है। नवादा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिनव धीमान के निर्देश पर पूरे इलाके में व्यापक स्तर पर छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि हिंसा में शामिल दोनों समुदायों के असामाजिक तत्वों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा रहा है। गिरफ्तार किए गए 20 लोगों के अलावा करीब 10 संदिग्धों को थाने में डिटेन कर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि कुछ शरारती तत्वों ने जानबूझकर माहौल को खराब करने की नीयत से इस घटना को अंजाम दिया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। एसपी अभिनव धीमान ने कहा कि घटना से जुड़े हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फुटेज के आधार पर उपद्रवियों की पहचान की जा रही है, ताकि किसी भी आरोपी को बचने का मौका न मिले। इसके साथ ही, संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और लगातार गश्ती अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस की लगातार कार्रवाई और छापेमारी के कारण इलाके में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। कई आरोपित घर छोड़कर फरार हो गए हैं, लेकिन पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। प्रशासन ने आम लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
स्थानीय प्रशासन का कहना है कि स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है और लोगों से भाईचारा बनाए रखने की अपील की जा रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।