कांकेर, 06 अप्रैल । जिले के चारामा तहसील में खनिज विभाग ने अवैध रेत खदानों पर बड़ी कार्रवाई की गई, जिसमें चारामा क्षेत्र के माहुद, भिलाई, तेलगुड़ा, भिरौद और करिहा स्थित रेत खदानें शामिल हैं। इस कार्रवाई में पांच चेन माउंटेन और तीन हाईवा जब्त किया गया है।
खनिज विभाग से आज साेमवार काे मिली जानकारी के अनुसार दो चेन माउंटेन मशीनें, तेलगुड़ा में दो मशीनें और भिरौद में एक मशीन जब्त की गई। इसके अलावा करिहा रेत खदान से आ रहे रेत से भरे दो हाईवा ट्रकों पर भी कार्रवाई की गई। इन ट्रकों में बिना ई-पास के रेत का परिवहन किया जा रहा था और वे ओवरलोड भी थे। इसके बाद एसडीएम चारामा के निर्देश पर नायब तहसीलदार लखनपुरी ने अरौद से दो और हाईवा ट्रक पकड़े।
रेत परिवहन के लिए वैध ई-पास नहीं मिलने पर इन ट्रकों को जब्त कर चारामा थाने में अभिरक्षा में रखा गया है। यह अवैध रेत कारोबार खदानों से प्रतिदिन ओवरलोड और बिना ई-पास के किया जा रहा था, जिससे प्रशासन को भारी राजस्व का नुकसान हो रहा था। साथ ही, ओवरलोड हाईवा ट्रकों के लगातार आवागमन से क्षेत्र की सड़कें भी खराब हो रही थीं।