बीकानेर में आयोजित होगी 5वीं समर राजस्थान बॉडी बिल्डिंग चैंपियनशिप–2026

Spread the love

बीकानेर, 08 फ़रवरी । संभाग मुख्यालय बीकानेर में 5वीं समर राजस्थान बॉडी बिल्डिंग चैंपियनशिप–2026 का आयोजन 05 अप्रैल 2026 (रविवार) को पुष्करणा स्टेडियम, बीकानेर में किया जाएगा। यह प्रतिष्ठित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता राजस्थान स्टेट बॉडी बिल्डिंग एसोसिएशन के सहयोग से आयोजित की जा रही है, जो इंडियन बॉडी बिल्डर्स फेडरेशन से संबद्ध है।

कम्युनिटी वेलफेयर सोसाइटी (ट्रस्ट) के संरक्षक राजकुमार किराडू ने बताया कि प्रतियोगिता में सीनियर पुरुष बॉडी बिल्डिंग के 8 वर्ग, मास्टर्स बॉडी बिल्डिंग का 1 वर्ग, महिला बॉडी बिल्डिंग का 1 ओपन वर्ग तथा ओवरऑल बॉडी बिल्डिंग टाइटल शामिल रहेगा। इस प्रतियोगिता में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में प्रतिभागियों के भाग लेने की संभावना है।

प्रतियोगिता में प्रत्येक वर्ग के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को क्रमशः 5,000, 3,000 एवं 2,000 रुपये नकद पुरस्कार राशि के साथ मेडल, ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। वहीं ओवरऑल बॉडी बिल्डिंग के विजेताओं को क्रमशः 71,000, 51,000 एवं 31,000 रुपये की आकर्षक नकद पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। इस प्रतियोगिता में राजस्थान के सभी जिलों के खिलाड़ी भाग लेंगे जिनका चयन राजस्थान बॉडी बिल्डिंग संगम द्वारा किया जाएगा ।

साेसाइटी के अध्यक्ष कन्हैया लाल भाटी ने बताया कि इस अवसर पर वे सभी खिलाड़ी जो सन 2000 के बाद वर्तमान तक जिन्होंने बॉडी बिल्डिंग की राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में पदक प्राप्त कर बीकानेर जिले एवं राजस्थान प्रदेश का नाम रोशन किया है, उन्हें और सभी जिम संचालकों का इस भव्य मंच से विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।

प्रतियोगिता को पूर्णतः निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनाए रखने हेतु राजस्थान बॉडी बिल्डिंग संगम द्वारा अधिकृत निर्णायकों की नियुक्ति की जाएगी। इसके साथ ही अन्य प्रदेशों से आमंत्रित तीन सदस्यों की जूरी की विशेष निगरानी में प्रतियोगिता का संचालन किया जाएगा। खिलाड़ियों की एंट्री के समय किए जाने वाले वजन माप की प्रक्रिया को भी लाइव डिस्प्ले के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा, जिससे पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।

आयोजन स्थल पर सीसीटीवी निगरानी, लाइव डिस्प्ले सहित प्रतिभागियों एवं अतिथियों के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी। आयोजक कम्युनिटी वेलफेयर सोसाइटी ने खेल प्रेमियों, युवाओं एवं आमजन से इस भव्य खेल आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।