बाराबंकी : पीपे के पुल पर 8 करोड़ व संजय सेतु मरम्मत पर 4 करोड़ रुपये होंगे खर्च

Spread the love

बाराबंकी, 11 फ़रवरी । बाराबंकी बहराइच की सीमा पर स्थित सरजू घाघरा नदी के संजय सेतु की मरम्मत को लेकर मंगलवार देर शाम एनएचएआई और लोक निर्माण विभाग के बीच विभागीय विचार विमर्श हुआ। बैठक में मरम्मत कार्य और वैकल्पिक व्यवस्था को लेकर अहम निर्णय लिए गए। पीपे के पुल पर 8 करोड़ व संजय सेतु मरम्मत पर 4 करोड़ रुपये खर्च किये जाने का एस्टीमेट भी तैयार किया गया।

एनएचएआई के अवर अभियंता अनंत मौर्य ने बताया कि संजय सेतु की मरम्मत के दौरान आवागमन बनाए रखने के लिए पीपे के पुल का निर्माण प्रस्तावित है, जिसका एस्टीमेट फाइनल हो चुका है। पीपे के पुल के निर्माण पर लगभग 8 करोड़ रुपये की लागत आएगी, जबकि संजय सेतु की मरम्मत पर करीब 4 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

श्री मौर्य ने स्पष्ट किया कि अभी संजय सेतुपर आवागमन बंद नहीं होगा। पहले पीपे का पुल तैयार किया जाएगा, उसके बाद जब संजय सेतु का मरम्मत कार्य शुरू होगा, तभी आवागमन अस्थायी रूप से रोका जाएगा। फिलहाल अगले आदेश तक संजय सेतु पर यातायात सुचारू रूप से चलता रहेगा।

उन्होंने बताया कि संजय सेतु की स्थिति काफी जर्जर हो चुकी है। पुल का इंस्पेक्शन जॉइंट क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे संरचनात्मक सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। मरम्मत का बजट अपेक्षाकृत अधिक होने के कारण इस प्रस्ताव को एनएचएआई मुख्यालय से स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा।

विभागीय अधिकारियों के अनुसार, मुख्यालय से अनुमति मिलते ही मरम्मत कार्य को तेजी से शुरू किया जाएगा, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की दुर्घटना की आशंका को टाला जा सकता है।