एसआई भर्ती घोटाला: हस्ताक्षर-हैंडराइटिंग से खुल रहे फर्जीवाड़े के राज

Spread the love

एसओजी के एडीजी विशाल बंसल ने बताया कि इस प्रकरण में अब तक कुल 137 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें 63 प्रशिक्षु उप निरीक्षक और 6 चयनित उप निरीक्षक शामिल हैं। उन्होंने बताया कि जांच केवल पेपर लीक तक सीमित नहीं है, बल्कि डमी अभ्यर्थी बैठाकर परीक्षा पास कराने के पूरे नेटवर्क की पड़ताल की जा रही है।

एडीजी बंसल के अनुसार राजस्थान लोक सेवा आयोग से भर्ती से जुड़ा पूरा रिकॉर्ड मंगवा कर उसका लगातार विश्लेषण किया जा रहा है। जांच के दौरान कुछ अभ्यर्थियों के रिकॉर्ड संदिग्ध पाए गए। परीक्षा देने वाले व्यक्ति और नौकरी कर रहे व्यक्ति की फोटो, हैंडराइटिंग व हस्ताक्षर में अंतर मिलने पर एफएसएल से जांच कराई गई। एफएसएल रिपोर्ट में जहां पुष्टि हुई कि दोनों अलग-अलग व्यक्ति हैं, वहां उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने बताया कि दस्तावेज की जांच दो चरणों में की जा रही है। पहले चरण में एसओजी अधिकारी प्रारंभिक स्क्रूटनी करते हैं और संदेह होने पर दूसरे चरण में एफएसएल जांच कराई जाती है। यह प्रक्रिया भले ही समय लेने वाली और मेहनत भरी हो, लेकिन हर एक अभ्यर्थी के दस्तावेज की जांच सुनिश्चित की जा रही है।