इंदौरः गैस सिलेंडरों के क्रय-विक्रय, भण्डारण करने वालों पर बड़ी कार्रवाई

Spread the love

जिले के ग्राम सोलसिंदा तहसील सांवेर में अवैधानिक रूप से एलपीजी गैस सिलेण्डरों के भण्डारण की सूचना प्राप्त होने पर बुधवार को एसडीएम घनश्याम धनगर के मार्गदर्शन पर तहसीलदार पूनम तोमर द्वारा मय पुलिस बल के जांच की गई। जिसमें ग्राम सोलसिंदा की भूमि सर्वे नम्बर 330/2/1 जो कि रियाजुलहसन पुत्र रईसउल हसन के खेत में निर्मित टीन शेड में घरेलु गैस के 22 एलपीजी सिलेण्डर रखे हुए पाए गए। उक्त जांच में पाया गया कि जय श्री महाकाल गैस चुल्हा सेल्स एण्ड सर्विस के प्रोप्रायटर विनोद जायसवाल पुत्र मोहनलाल जायसवाल द्वारा उक्त गैस सिलेण्डर का भण्डारण किया गया है। प्रोपराइटर से उक्त गैस सिलेण्डर के स्टॉक के संबंध में सक्षम अनुमति मांगे जाने पर प्रोप्रायटर द्वारा सक्षम अनुमति/अनुज्ञा प्रस्तुत नहीं की गई। जिसके पश्चात सभी गैस सिलेण्डरों को जप्त कर इण्डेन एवं एचपी की टंकियों की गैस एजेन्सी मॉ तुलजा गैस एजेन्सी धरमपुरी के सुपुर्द किया गया।

साथ ही ग्राम सोलसिंदा में जय श्री महाकाल गैस चुल्हा सेल्स एण्ड सर्विस के प्रोप्रायटर विनोद जायसवाल पुत्र मोहनलाल जायसवाल की दुकान का औचक निरीक्षण भी किया गया। जिसमें घरेलू गैस टंकी 27 एवं व्यवसायिक सिलेण्डर 03 खाली पाई गई। प्रोप्राइटर से उक्त संबंध में सक्षम अनुमति मांगे जाने पर उनके द्वारा कोई सक्षम अनुमति प्रस्तुत नहीं की गई। जिसके पश्चात उक्त गैस सिलेण्डरों को जप्त कर इण्डेन एवं एचपी की टंकियों की गैस एजेन्सी मॉ तुलजा गैस एजेन्सी धरमपुरी के सुपुर्द किया गया।