मकोका मामले में मनोज यादव के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने दायर की सप्लीमेंट्री चार्जशीट

Spread the love

सुनवाई के दौरान बुधवार काे इस मामले के सभी आरोपित वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये पेश हुए। आरोपित मनोज यादव ने रोजाना फोन और वीडियो मुलाकात की अनुमति देने के लिए अर्जी दाखिल की। नरेश बाल्यान ने भी एक दिन छोड़कर टेलीफोन के जरिये बात करने की अनुमति देने की मांग की। कोर्ट ने दोनों जेल प्रशासन से जवाब दाखिल करने का आदेश दिया। दोनों अर्जियों पर 15 जनवरी को सुनवाई होगी।

आरोपित विकास गहलोत ने अपने बीमार पिता की देखभाल के लिए अंतरिम जमानत देने की मांग की। विकास गहलोत की याचिका पर कोर्ट ने जांच अधिकारी से जवाब तलब किया। विकास गहलोत की अर्जी पर कोर्ट 26 दिसंबर को सुनवाई करेगा।

दिल्ली पुलिस ने 4 अक्टूबर को इस मामले में चार्जशीट से संबंधित दस्तावेज दाखिल किया था। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने गैंगस्टर कपिल सांगवान ऊर्फ नंदू और अमरदीप लोचाब के खिलाफ राऊज एवेन्यू कोर्ट में चौथा पूरक चार्जशीट दाखिल किया था। कोर्ट ने 15 जुलाई को दिल्ली पुलिस की ओर से दायर तीसरे पूरक चार्जशीट पर संज्ञान लिया था। दिल्ली पुलिस के तीसरे चार्जशीट में विकास गहलोत की पत्नी विनीता पर आरोप लगाया है कि उसने 17 अप्रैल को अपने पति के निर्देश पर उसके घर से एक रिश्तेदार के घर पर हथियारों को पहुंचवाया था। दिल्ली पुलिस ने इन हथियारों को विकास गहलोत के रिश्तेदार के घर से बरामद किया था।

इससे पहले कोर्ट ने 27 मई को नरेश बाल्यान की इस मामले में दायर दूसरी जमानत याचिका खारिज कर दिया था। कोर्ट ने नरेश बाल्यान के अलावा जिन आरोपितों के खिलाफ दाखिल पूरक चार्जशीट पर संज्ञान लिया था उनमें साहिल ऊर्फ पोली, विजय ऊर्फ कालू और ज्योति प्रकाश ऊर्फ बाबा शामिल हैं। कोर्ट ने इन आरोपियों के खिलाफ मकोका की धारा 3 और 4 के तहत संज्ञान लिया है। कोर्ट ने 24 फरवरी को आरोपित रितिक पीटर के खिलाफ दाखिल चार्जशीट पर संज्ञान ले लिया था। वसूली के मामले में 4 दिसंबर, 2024 को नरेश बाल्यान को जमानत मिलने के बाद दिल्ली पुलिस ने मकोका के मामले में गिरफ्तार कर लिया था। दिल्ली पुलिस ने वसूली के मामले में नरेश बाल्यान को 30 नवंबर, 2024 की रात में गिरफ्तार किया था।

दिल्ली पुलिस के मुताबिक नरेश बाल्यान और गैंगस्टर के बीच बातचीत का ये मामला 2023 का है। इसे लेकर 2023 में एफआईआर दर्ज कराई गई थी। कपिल सांगवान एक कुख्यात गैंगस्टर है जो फिलहाल ब्रिटेन में रह रहा है। कपिल सांगवान पिछले पांच वर्षों से ब्रिटेन में ही रह रहा है। कपिल सांगवान और नरेश बाल्यान दोनों दिल्ली के नजफगढ़ के रहने वाले हैं। कपिल सांगवान हरियाणा के नफे सिंह हत्याकांड का भी मास्टरमाइंड है। कपिल सांगवान पर बल्लू पहलवान और बीजेपी नेता सुरेंद्र मटियाला की हत्या का भी मास्टरमाइंड माना जाता है। नरेश बाल्यान ने 2015 और 2019 में उत्तम नगर विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व किया था।