दिल्ली की मुख्यमंत्री ने एनसीसी गणतंत्र दिवस शिविर का दौरा किया

Spread the love

दिल्ली की मुख्यमंत्री ने एनसीसी गणतंत्र दिवस शिविर का दौरा किया

नई दिल्ली, 15 जनवरी (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने बुधवार को दिल्ली कैंट में एनसीसी गणतंत्र दिवस शिविर-2025 का दौरा किया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि एनसीसी में अपनी भागीदारी के माध्यम से कैडेट न केवल अपने व्यक्तिगत कौशल का विकास कर रहे हैं, बल्कि निःस्वार्थ सेवा के साथ राष्ट्रीय और सामाजिक विकास में भी योगदान दे रहे हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने युवा कैडेटों को राष्ट्र विकास में योगदान देने वाले स्वतंत्रता, एकता और न्याय के मूल्यों को हमेशा याद रखने और उनका सम्मान करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कैडेटों से सेवा, समर्पण और राष्ट्रवाद के मूल सिद्धांतों को अपनाते रहने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने एनसीसी कैडेटों के प्रेरक गुणों को स्वीकारते हुए उनके आत्मविश्वास, अनुशासन, कड़ी मेहनत और देशभक्ति की भावना पर प्रकाश डाला। ये मूल्य न केवल कैडेटों को लाभान्वित करते हैं बल्कि व्यापक समुदाय के लिए प्रेरणा का काम करते हैं, जिससे एकता और राष्ट्र निर्माण की भावना को बढ़ावा मिलता है।

मुख्यमंत्री ने ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ का निरीक्षण किया, जिसके बाद राजस्थान के पिलानी में बिरला बालिका विद्यालय के कैडेटों द्वारा बैंड प्रदर्शन किया गया। इसके बाद उन्होंने ‘फ्लैग एरिया’ का दौरा किया, जहां सभी 17 निदेशालयों के एनसीसी कैडेटों ने रचनात्मक रूप से विभिन्न सामाजिक विषयों को दर्शाया। इसके बाद मुख्यमंत्री ‘हॉल ऑफ फेम’ की ओर बढ़ीं और एनसीसी के इतिहास, प्रशिक्षण और उपलब्धियों के बारे में जानकारी ली। वे सभी राज्य निदेशालयों के युवा और मेधावियों द्वारा किए गए ‘आइडिया और इनोवेशन’ पर विभिन्न परियोजनाओं से भी परिचित हुईं। यात्रा का समापन प्रताप हॉल ऑडिटोरियम में प्रतिभाशाली युवाओं द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक प्रदर्शन के साथ हुआ।

—————