आईआईए बरेली चैप्टर ने नववर्ष 2026 डायरी का किया विमोचन, उद्यमी रत्न व युवा उद्यमी सम्मान प्रदान

Spread the love

बरेली, 28 दिसंबर । इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) बरेली चैप्टर की ओर से नववर्ष 2026 की डायरी का भव्य विमोचन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शहर के प्रख्यात उद्योगपति एवं समाजसेवी सुदीप राजगढ़िया को “बरेली उद्यमी रत्न सम्मान” से सम्मानित किया गया। वहीं युवा उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संदीप तिवारी को “युवा उद्यमी पुरस्कार” प्रदान किया गया।

समारोह के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण कुमार सक्सेना रहे। उन्होंने आईआईए की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि संस्था उद्योगों के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों के प्रति भी सजग रहती है। उन्होंने सभी को नववर्ष 2026 की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में आईआईए के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश गोयल ने आगामी तीन बड़े राष्ट्रीय एक्सपो की घोषणा की। उन्होंने बताया कि इंडिया फूड एक्सपो 16 से 18 जनवरी 2026 को लखनऊ, इंडिया सोलर एवं ई-व्हीकल एक्सपो 21 से 23 फरवरी 2026 को मेरठ तथा यूपी डिफेंस एक्सपो 2026 कानपुर में आयोजित किया जाएगा।

इस अवसर पर उद्योग-एकेडेमिया सहयोग को नई दिशा देते हुए श्री राम मूर्ति स्मारक ट्रस्ट (SRMS) एवं आईआईए के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। इसका उद्देश्य रिसर्च, इनोवेशन, स्किल डेवलपमेंट, इंटर्नशिप, स्टार्टअप और इनक्यूबेशन गतिविधियों को बढ़ावा देना है। एमओयू पर SRMS की ओर से सचिव आदित्य मूर्ति और आईआईए की ओर से राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश गोयल ने हस्ताक्षर किए।

चैप्टर चेयरमैन मयूर धीरवानी ने कहा कि एमआरएमएस कॉलेज के इंजीनियरिंग और एमबीए के छात्र उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप हैं और उद्योग उन्हें प्रशिक्षण देकर व्यावहारिक अनुभव प्रदान कर सकते हैं। वहीं डायरी की विशेषताओं पर ऋषभ दीक्षित ने प्रकाश डालते हुए बताया कि डायरेक्ट्री युक्त यह डायरी सदस्यों के लिए अत्यंत उपयोगी होगी।

कार्यक्रम में उद्यमी मित्र संयुक्त अवार्ड आईपीएस मानुष पारीक, एसपी सिटी बरेली तथा मंसूर कटियार, क्षेत्रीय प्रबंधक यूपीसीडा बरेली को प्रदान किया गया। इसके अलावा आईएमए स्टेट प्रेसिडेंट डॉ. रविश अग्रवाल का भी सम्मान किया गया।

आईआईए बरेली चैप्टर के कोषाध्यक्ष आशीष गुप्ता ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि कार्यक्रम का संचालन डॉ. मनीष शर्मा ने किया। चैप्टर सचिव रजत मेहरोत्रा ने विगत माह में किए गए कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया। अंत में सहसचिव ध्रुव खानिजों ने धन्यवाद ज्ञापन किया। देर रात तक रंगारंग कार्यक्रमों के साथ नववर्ष का स्वागत किया गया।

कार्यक्रम का समापन देर रात रंगारंग कार्यक्रमों के साथ हुआ। समारोह में लगभग 200 उद्यमियों ने भाग लिया।