मुक्ताकाशी मंच के पास मजार व कमरों का अवैध निर्माण, जेडीए ने दिया अंतिम नोटिस

Spread the love

झांसी, 30 दिसंबर । वीरांगना भूमि झांसी के ऐतिहासिक दुर्ग की तलहटी में मुक्ताकाशी मंच बना हुआ है। इसे अब राजा गंगाधर राव कला मंच के नाम से भी जाना जाता है। वर्ष भर यहां प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री सहित बड़े-बड़े नेताओं व कलाकारों के राजनैतिक व सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होते रहते हैं। उसके ठीक बगल में बने मजार व दो कमरों के अवैध निर्माण का मामला पिछले एक वर्ष से चर्चा में है। वर्ष 2024 में हिन्दू जागरण मंच को सूचना प्राप्त हुई कि मुक्ताकाशी मंच के समीप दो कमरे और एक मजार अवैध रूप से सुनियोजित तरीके से बना ली गई है।

सूचना के बाद हिन्दू जागरण मंच के विधि आयाम द्वारा पुरातत्व विभाग से आरटीआई के माध्यम से रिपोर्ट मंगाई गई, जिसमें उक्त भूमि को राज्य सरकार की संपत्ति बताया गया। इसके उपरांत मंच द्वारा जिलाधिकारी झांसी को ज्ञापन देकर जांच व अतिक्रमण हटाने की मांग की गई, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

अंततः राजस्व, नगर निगम और झांसी विकास प्राधिकरण (जेडीए) की जांच में भूमि को जेडीए की संपत्ति (खसरा संख्या 3042) पाया गया। जेडीए ने पहले 21 नवंबर 2025 और फिर 24 दिसंबर 2025 को अवैध निर्माणकर्ता पप्पू खान के नाम अंतिम नोटिस जारी किया है, जिसमें 15 दिन का अल्टीमेटम दिया गया है। नोटिस में दी गई तिथि के अनुसार 8 जनवरी 2026 के बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई प्रस्तावित है।

उल्लेखनीय है कि 30 जनवरी 2024 को युवा आयाम प्रमुख पुरुकेश अमरया के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मौके पर प्रदर्शन किया, जहां एसडीएम, सीओ व अन्य अधिकारी पहुंचे। जांच के दौरान लेखपाल व पुरातत्व विभाग की टीम ने मौके पर बने दो कमरों को सील किया तथा अवैध विद्युत कनेक्शन काटा गया। बाद में जांच रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि भूमि राज्य सरकार की ही है। वहीं अवैध निर्माण में रहने वाले पप्पू खान ने इसे वक्फ बोर्ड की जमीन बताया, लेकिन अल्पसंख्यक विभाग, जिला व राज्य स्तर पर ऐसा कोई अभिलेख नहीं पाया गया।

इसके बावजूद कार्रवाई आगे न बढ़ने पर हिन्दू जागरण मंच ने जिलाधिकारी, मंडलायुक्त, एसडीएम व नगर मजिस्ट्रेट को तीन बार ज्ञापन देकर चेताया कि समाज में आक्रोश बढ़ रहा है। 30 मार्च 2025 को पुनः मुक्ताकाशी मंच पर धरना दिया गया, जिसके बाद सिटी मजिस्ट्रेट व सीओ सिटी ने कुंभ मेला संपन्न होने के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया।

इस मामले में हिन्दू जागरण मंच के प्रांतीय युवा आयाम प्रमुख ने बताया कि उन्हें प्रशासन के द्वारा उचित कार्रवाई के लिए आश्वस्त किया गया है। यदि निर्धारित समय में कार्रवाई अमल में नहीं लाई जाती है तो हिन्दू समाज सड़कों पर आकर वृहद आंदोलन के लिए बाध्य होगा।