रोटरी क्लब ने मरीजों में किया न्यूट्रिशनल किट का वितरण

Spread the love

पश्चिमी सिंहभूम, 30 दिसंबर । टीबी हारेगा, देश जीतेगा के राष्ट्रीय संकल्प को धरातल पर उतारते हुए रोटरी क्लब, चाईबासा ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक सराहनीय कदम उठाया है। राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम में मंगलवार को सदर अस्पताल स्थित यक्ष्मा केंद्र में टीबी से पीड़ित मरीजों के बीच न्यूट्रिशनल किट का वितरण किया गया। ताकि इलाज के साथ-साथ मरीजों के पोषण पर भी विशेष ध्यान दिया जा सके।

इस अवसर पर 10 टीबी मरीजों को विशेष पोषाहार किट दिया गया। यह सेवा कार्य वरिष्ठ चिकित्सक डॉ विजय मूंधड़ा और डॉ वीणा मूंधड़ा की ओर से अपने पूर्वजों की स्मृति में शुरू किया गया है।

इसके तहत चयनित मरीजों को हर माह नियमित रूप से न्यूट्रिशनल सप्लीमेंट्स उपलब्ध कराए जाएंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य दवा के साथ उचित पोषण देकर मरीजों की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करना है।

मौके पर उपस्थित वरिष्ठ चिकित्सक डॉ विजय मूंधड़ा ने कहा कि टीबी जैसी बीमारी से लड़ाई केवल दवाओं से नहीं जीती जा सकती। समय पर जांच, पर्याप्त पोषण और नियमित फॉलो-अप ही इस रोग को जड़ से खत्म करने का सबसे प्रभावी तरीका है। उन्होंने अधिक जांच और एक्स-रे के जरिए छिपे हुए टीबी मामलों की पहचान पर जोर देते हुए इसे जिले को टीबी मुक्त बनाने की दिशा में अहम कदम बताया।

रोटरी क्लब चाईबासा के अध्यक्ष विकास दोदराजका ने कहा कि वितरित की गई न्यूट्रिशनल किट मरीजों की इम्युनिटी बढ़ाने में सहायक सिद्ध होंगी। वहीं क्लब की सचिव हीना ठक्कर ने मरीजों का मनोबल बढ़ाते हुए उन्हें नियमित व्यायाम, संतुलित आहार और सकारात्मक सोच अपनाने की सलाह दी।

इस अवसर पर डॉ जगन्नाथ हेंब्रम, अवनीश कुमार, ओम प्रकाश, सुशील मूंधड़ा, उपाध्यक्ष वीणा मूंधड़ा, अभिषेक दोदराजका, संजय गुप्ता और रितेश मूंधड़ा सहित रोटरी क्लब के कई सदस्य मौजूद थे।