धनबाद, 31 दिसंबर । धनबाद के गोल्फ ग्राउंड में आयोजित फूड फेस्ट में बुधवार को फूड सेफ्टी विभाग की टीम ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान फूड इंस्पेक्टर राजा कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और वहां लगे सभी स्टालों की जांच की।
निरीक्षण के दौरान कुल 40 स्टालों का जायजा लिया गया, जिनमें से कई दुकानें बंद पाई गईं, जबकि खुली दुकानों के फूड सेफ्टी लाइसेंस और वहां बिक रहे खाद्य पदार्थों की जांच की गई। जांच में पाया गया कि आठ दुकानें बिना वैध फूड सेफ्टी लाइसेंस के संचालित हो रही थीं।
फूड सेफ्टी विभाग ने इन सभी आठ दुकानों को नोटिस जारी करते हुए सात दिनों के भीतर जवाब देने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही फूड इंस्पेक्टर ने बताया कि जिन दुकानों को बंद पाया गया है, उनकी भी जांच की जा रही है।
फूड इंस्पेक्टर राजा कुमार ने बताया कि विभाग को शिकायत मिली थी कि फूड फेस्ट में बिना फूड लाइसेंस के दुकानें चलाई जा रही हैं।
शिकायत के आधार पर की गई इस औचक जांच में नियमों का उल्लंघन सामने आया है। उन्होंने यह भी कहा कि फूड फेस्ट के आयोजक को भी नोटिस जारी किया जाएगा।