खूंटी, 31 दिसंबर । श्रीराम मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा के द्वितीय वार्षिकोत्सव के अवसर पर बुधवार को तोरपा प्रखंड मुख्यालय सहित आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धा और भक्ति का वातावरण देखने को मिला। तोरपा आम्रेश्वर धाम, तपकरा, अम्मा, पखना, सोनपुर गढ़, कुमांग सहित क्षेत्र के सभी मंदिरों में सुबह से ही पूजा-पाठ, भजन-कीर्तन एवं धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर तोरपा महावीर मंदिर प्रांगण में विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, मातृशक्ति, दुर्गा वाहिनी एवं एकल अभियान के संयुक्त तत्वावधान में भव्य सामूहिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अयोध्या से पधारी संगीता बहन की ओर से भजन-कीर्तन तथा रामायण चर्चा पाठ प्रस्तुत किया गया, जिसे श्रद्धालुओं ने भावविभोर होकर सुना।
वहीं एकल अभियान दक्षिणी झारखंड संभाग के केंद्रीय प्रशिक्षण प्रमुख माधव चंद्र साहू की ओर से कृष्ण कथा का रसपूर्ण वर्णन किया गया। इसके साथ ही झारखंड प्रांत के अनेक व्यासजनों ने भक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विश्व हिंदू परिषद के जिला सह मंत्री एम.पी. सिंह, मातृशक्ति संयोजिका सीमा देवी, दुर्गा वाहिनी, शिव चर्चा ग्रुप तथा एकल अभियान के संच प्रमुख सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति की बहनों की सक्रिय भूमिका रही।
आयोजन को सफल बनाने में अमित जायसवाल, प्रीतम कुमार, उमेश मांझी, नेहरू, अमृता देवी सहित अन्य कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा।
वार्षिकोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और भगवान श्रीराम के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।