गुण-दोषाें की जानकारी के लिए सरकर सार्वजनिक करे पेसा नियमावली : सरयू

Spread the love

पूर्वी सिंहभूम, 02 जनवरी । विधायक सरयू राय ने कहा है कि पेसा नियमावली को लेकर अनावश्यक राजनीति की जा रही है, जबकि यह एक गंभीर संवैधानिक विषय है। उन्होंने कहा कि सरकार को चाहिए कि वह पेसा नियमावली को सार्वजनिक करे, ताकि इसके गुण-दोषों की जानकारी लोगों को हो और इसपर सार्थक चर्चा हो सके।

विधायक ने शुक्रवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि पेसा नियमावली को लेकर सरकार और विपक्ष दोनों ओर से जो प्रतिक्रियाएं आ रही हैं, वे अधिकतर राजनीति से प्रेरित प्रतीत होती हैं, जबकि वास्तविक प्रश्न यह होना चाहिए कि राज्य सरकार द्वारा बनाई गई पेसा नियमावली संविधान और कानून की भावना के अनुरूप है या नहीं।

उन्होंने कहा कि पेसा अधिनियम पारित होने के कई वर्षों तक नियमावली नहीं बन पाने के कारण जो असमंजस की स्थिति बनी हुई थी, वह वर्तमान सरकार के नियमावली बना देने से समाप्त हो गई है। अब आवश्यकता इस बात की है कि नियमावली के प्रावधानों की संवैधानिक और कानूनी कसौटी पर जांच की जाए।

राय ने कहा कि राज्य सरकार ने जैसा उचित समझा, वैसा पेसा नियमावली बनाई है। यदि इसमें कोई कमी है या यह संविधान एवं कानून के प्रावधानों के अनुरूप नहीं है, तो सरकार के पास इसमें संशोधन करने का पूरा अधिकार और अवसर है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी नियमावली में संशोधन की गुंजाइश हमेशा रहती है और पेसा नियमावली भी इससे अलग नहीं है।