समृद्धि यात्रा से विकास को मिलेगी नई गति : उमेश सिंह कुशवाहा

Spread the love

पटना, 16 जनवरी । समृद्धि यात्रा के तहत शुक्रवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पश्चिमी चंपारण के लिए रवाना हुए। इस अवसर पर जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका हार्दिक अभिनंदन किया और यात्रा की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।

पटना हवाईअड्डे से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के रवाना होने के बाद उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा बिहार के सर्वांगीण विकास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि यह यात्रा विकसित और आत्मनिर्भर बिहार के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। प्रदेश की जनता में इस यात्रा को लेकर व्यापक उत्साह देखा जा रहा है।

जदयू प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व में समृद्धि यात्रा राज्य सरकार की विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों और उपलब्धियों को सीधे जनता तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनेगी। इससे न केवल जमीनी स्तर पर विकास कार्यों की समीक्षा होगी, बल्कि आम लोगों से संवाद कर उनकी समस्याओं और अपेक्षाओं को भी जाना जा सकेगा।

इस अवसर पर बिहार सरकार के मंत्री विजय कुमार चौधरी, मंत्री श्रवण कुमार, मंत्री सुनील कुमार, मंत्री जमा खान, विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं विधायक श्याम रजक सहित जदयू के कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।——