गुरु गोबिंद सिंह पब्लिक स्कूल में 31 से होगा भव्य शुक्राना कीर्तन समागम

Spread the love

पूर्वी सिंहभूम, 19 जनवरी । रांची स्थित गुरु गोबिंद सिंह पब्लिक स्कूल, कमडे में आगामी 31 जनवरी और 01 फरवरी को शुक्राना समागम का आयोजन किया जाएगा। यह समागम अकाल पुरख के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने और गुरु कृपा की अरदास के लिए आयोजित किया जा रहा है। इस पावन अवसर पर स्कूल के नव-निर्मित ऑडिटोरियम के उद्घाटन और सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल एवं नर्सिंग कॉलेज के शिलान्यास के लिए विशेष अरदास की जाएगी।

समागम के दौरान पंथ-प्रसिद्ध रागी जत्थे गुरु दरबार की शोभा बढ़ाएंगे। कार्यक्रम में 31 जनवरी की शाम से दीवान सजेगा, जबकि 01 फरवरी को सुबह 11 बजे से गुरबाणी कीर्तन होगा। दरबार साहिब अमृतसर के हजूरी रागी भाई सतिंदरबीर सिंह, भाई चमनजीत सिंह लाल दिल्ली वाले और भाई सुखप्रीत सिंह और पवनदीप सिंह लखनऊ वाले सबद-कीर्तन की प्रस्तुति देंगे। दीवान उपरांत गुरु का लंगर अटूट वरतेगा। संगत की सुविधा के लिए आवागमन की व्यवस्था भी की गई है।

इसे लेकर झारखंंड सरकार में अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष ज्योति सिंह मथारू के नेतृत्व में रांची से आये आयोजन समिति के प्रतिनिधिमंडल में शामिल रणजीत सिंह हैप्पी, परमजीत सिंह टिंकू, जयदीप सिंह चड्ढा, रणबीर सिंह, राजदीप सिंह छाबड़ा, सुरेंदर सिंह, सरनजीत सिंह बल, तविंदर सिंह मंगा, सवित सिंह और हरजीत सिंह स्वीन्की ने जमशेदपुर पहुंचकर साकची गुरुद्वारा के प्रधान सरदार निशान सिंह से मुलाकात कर कीर्तन समागम की रूप रेखा के बारे में विचार विमर्श किया।

इस अवसर पर साकची प्रबंधन कमिटी की ओर से ट्रस्टी सतनाम सिंह सिद्धू, खजान सिंह, परमजीत सिंह काले, रणधीर सिंह, सुखविंदर सिंह निक्कू, जसपाल सिंह जस्से एवं समाजसेवी सतबीर सिंह सोमू भी उपस्थित थे।

ज्योति सिंह मथारू ने बताया कि गुरु कृपा से विद्यालय ट्रस्ट की ओर से शिक्षा के साथ-साथ स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया है। उन्होंने कहा कि यह शुक्राना समागम सामूहिक एकता, सेवा और समर्पण की भावना को और प्रबल करेगा।

साकची गुरुद्वारा के प्रधान निशान सिंह ने कहा कि यह समागम न केवल धार्मिक आस्था को सुदृढ़ करेगा, बल्कि शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में समाज-सेवा के नए अध्याय की शुरुआत भी करेगा। उन्होंने संगत से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर गुरु की हजूरी में मत्था टेकने का आह्वान किया। आयोजन समिति ने संगत से समय पर पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।