बलरामपुर, 22 जनवरी । जिले में धान खरीद व्यवस्था को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाए रखने के साथ-साथ अवैध लेनदेन पर लगाम कसने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। इसी क्रम में गुरुवार को कलेक्टर राजेन्द्र कटारा ने विभिन्न धान उपार्जन केंद्रों का औचक दौरा कर जमीनी हालात का जायजा लिया और मौके पर मौजूद अधिकारियों व कर्मचारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर ने बलरामपुर विकासखंड के पस्ता, राजपुर विकासखंड के राजपुर और सेवारी तथा शंकरगढ़ विकासखंड के जमड़ी धान खरीद केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खरीदी से जुड़े सभी आवश्यक अभिलेखों की गहन जांच की और टोकन वितरण, अब तक हुई खरीद और धान उठाव की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने यह भी देखा कि धान की तौल, भंडारण और रखरखाव में तय मानकों का पालन हो रहा है या नहीं।
निरीक्षण के दौरान धान की गुणवत्ता और नमी स्तर की भी जांच की गई। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि मानक अनुरूप और गुणवत्तायुक्त धान की ही खरीदी सुनिश्चित की जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही या नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
केंद्रों पर मौजूद किसानों से सीधे संवाद कर कलेक्टर ने व्यवस्थाओं पर उनकी राय ली और भरोसा दिलाया कि सभी पंजीकृत किसानों से नियमानुसार धान खरीदा जाएगा। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे साफ-सुथरा और निर्धारित मानकों के अनुसार धान ही विक्रय के लिए लाएं, ताकि प्रक्रिया में अनावश्यक बाधा न आए।
निरीक्षण के दौरान समिति प्रबंधकों को विशेष रूप से सतर्क रहने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि अवैध धान खपाने या नियमों के उल्लंघन की किसी भी कोशिश पर लगातार नजर रखी जाए और संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना उच्च अधिकारियों को दी जाए। प्रशासन की इस सक्रियता से धान खरीद व्यवस्था में पारदर्शिता और भरोसे का माहौल बनने की उम्मीद जताई जा रही है।