बीएचईएल : नव-नियुक्त अभियंता प्रशिक्षुओं के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन

Spread the love

हरिद्वार, 22 जनवरी । बीएचईएल में नव-नियुक्त अभियंता प्रशिक्षुओं के लिए, कॉमन इंडक्शन लर्निंग (सीआईएल) प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। बीएचईएल हरिद्वार के मानव संसाधन विकास केंद्र (एचआरडीसी) द्वारा दो महीने के इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में बीएचईएल की विभिन्न इकाइयों से कुल 43 अभियंता प्रशिक्षु शामिल हैं ।

गुरुवार को बीएचईएल हरिद्वार के महाप्रबंधक (मानव संसाधन) संतोष कुमार गुप्ता ने, दीप प्रज्वलन कर प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारम्भ किया उन्होंने कहा कि अभियंता प्रशिक्षुओं की भर्ती, कंपनी के दीर्घकालिक व्यावसायिक लक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए की गई है । साथ ही उन्होंने राष्ट्र के विकास में बीएचईएल के योगदान, संस्थान की कार्य-संस्कृति तथा नव-नियुक्त प्रशिक्षुओं की भावी भूमिका पर भी प्रकाश डाला । इससे पहले महाप्रबंधक (एचआरडीसी) श्रीमती गुंजन शुक्ला एवं वरिष्ठ उप महाप्रबंधक (एचआरडीसी) हरीश सिंह बगवार ने सीआईएल प्रशिक्षण के उद्देश्यों तथा कार्यक्रम की रूपरेखा की जानकारी दी ।

उल्लेखनीय है कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशिक्षुओं की व्यक्तिगत, पारस्परिक एवं संगठनात्मक प्रभावशीलता को बढ़ाना तथा आधारभूत प्रबंधन, अवधारणाओं एवं विभिन्न विभागों के बारे में समझ विकसित करना है । इस अवसर पर एचआरडीसी के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी आदि उपस्थित रहे ।