सिरसा: पुलिस ने लाखों रुपये की हेरोइन व अफीम की खेती पकड़ी, तीन गिरफ्तार

Spread the love

सिरसा, 23 जनवरी । स्थानीय पुलिस ने नशा तस्करों पर शिकंजा कसते हुए सिरसा जिले क्षेत्र से तीन तस्करों को गिरफ्तार कर लाखों रुपये की हेरोइन व अफीम के हरे पौधों सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार तस्करों से 28 ग्राम हेरोइन व डेढ़ किलोग्राम अफीम के हरे पौधे भी बरामद किए गए हैं। डबवाली एएनसी प्रभारी रणजोध सिंह ने शुक्रवार को बताया कि पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि गांव मसीता निवासी संदीप नशा तस्करी का काम करता है और आज भी नशा तस्करी की फिराक में गांव में घूम रहा है। पुलिस ने सूचना के आधार पर गांव मसीता में नाकाबंदी कर जांच शुरू कर दी। इसी दौरान एक युवक आता दिखाई दिया जो कि पुलिस टीम को देखकर भागने लगा। पुलिस ने उसे काबू कर तलाशी ली तो उसके कब्जे से 22 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।

इसके अलावा सीआईए डबवाली पुलिस ने गांव गंगा क्षेत्र से ओमप्रकाश को हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ डबवाली पुलिस थाना में अभियोग दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

सीआईए कालांवाली ने गांव माखा से अफीम के हरे पौधों सहित निर्मल सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस को सूचना मिली कि गांव माखा निवासी निर्मल सिंह ने अपनी ढाणी के पास अफीम की खेती कर रखी है। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर सब्जी की क्यारी के साथ ही उगाए जा रहे अफीम के पौधों को उखाड़ लिया और आरोपी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने डेढ़ किलोग्राम अफीम के हरे पौधों को अपने कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ कालांवाली थाना में मामला दर्ज किया है।

वहीं सीआईए कालांवाली पुलिस ने करीब 13 लाख रुपये की अफीम तस्करी मामले में मुख्य तस्कर राजस्थान के चित्तौडग़ढ़ निवासी लादू राम को सिरसा जेल से प्रोटेक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया है। सीआईए कालांवाली प्रभारी सुरेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने राजस्थान के चितौडग़ढ़ निवासी भागचंद को करीब ढाई किलोग्राम अफीम सहित चौटाला के संगरिया रोड से गिरफ्तार किया था। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह लादूराम से अफीम खरीद कर लाया था।