जयपुर, 23 जनवरी । पश्चिम विक्षोभ के प्रभाव से शुक्रवार को जयपुर सहित करीब 14 शहरों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। इस दौरान सीकर सहित अन्य कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी देखने को मिली। पश्चिम विक्षोभ का असर खत्म होने से आगामी दो दिन पारा गिरने से सर्दी में इजाफा देखने को मिलेगा। वहीं 26 जनवरी को एक नया पश्चिम विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। इसके असर से 27 जनवरी को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है। बरसात और ओलों से फसलों के नुकसान की आशंका बढ़ गई है। भरतपुर में आकाशीय बिजली गिरने से महिला झुलस गई, जबकि एक भैंस की मौत हो गई।
मौसम विभाग के अनुसार जयपुर, अजमेर, भीलवाड़ा, अलवर, पिलानी, सीकर, बाड़मेर, जैसलमेर, जोधपुर, बीकानेर, फलौदी, श्रीगंगानगर, जालोर, फतेहपुर और झुंझुनूं में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। आंधी-बारिश और ओलावृष्टि से प्रदेश के अधिकांश शहरों के दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। प्रदेश के शहरों के तापमान में 11 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। लूणकरणसर के अधिकतम तापमान में 11.1 और बीकानेर के तापमान में 10.2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। गुरुवार को भी राज्य में कुछ स्थानों पर वज्रपात, मेघगर्जन, त़े हवाओं के साथ बारिश दर्ज की गई। सर्वाधिक बारिश पुष्कर अजमेर में 13.0 मिमी दर्ज की गई। शुक्रवार को राज्य में कहीं-कहीं पर हल्के से मध्यम कोहरा भी दर्ज किया गया। 27 डिग्री के साथ चित्तौडग़ढ़ का दिन और 19.4 डिग्री के साथ कोटा की रात सबसे गर्म रही। वहीं 14.2 डिग्री के साथ माउंट आबू का दिन और 6.2 डिग्री के साथ जैसलमेर की रात सबसे सर्द रही।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि राज्य में सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव अब समाप्त हो गया है। आगामी दो-तीन दिन मौसम मुख्यत: शुष्क रहने तथा उत्तरी हवाओं के प्रभाव से न्यूनतम तापमान में 3-5 डिग्री व अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री गिरावट होने की प्रबल संभावना है। एक और नया पश्चिमी विक्षोभ 26-27 जनवरी को राज्य के कुछ भागों में सक्रिय होने की संभावना है। इसका सर्वाधिक प्रभाव 27 जनवरी को होने तथा राज्य के पश्चिमी व उत्तरी भागों में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ हल्की-मध्यम बारिश होने की संभावना है।
जयपुर में गुरुवार देर रात से ही मौसम बदलाव देखने को मिला और अलसुबह 5 बजे आंधी के साथ रुक-रुक कर बारिश का दौर शुरू हुआ जो कि 10 बजे तक चला। बारिश के दौरान बिजली की तेज गडग़ड़ाट भी देखने को मिली। बारिश के साथ हवाएं चलने से जयपुर के दिन के तापमान में 4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 20.6 और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री दर्ज किया गया। पश्चिम विक्षोभ का असर खत्म होने के बाद शनिवार को जयपुर में सुबह घना कोहरा छाने की संभावना के साथ तापमान में गिरावट आने से सर्दी तेज होगी। जयपुर में 8 मिमी से ज्यादा बारिश दर्ज की गई।