सेंट्रल एकेडमी में सडक सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

Spread the love

रांची, 24 जनवरी । राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माहके तहत शनिवार को जिला परिवहन विभाग की ओर से बरियातू स्थित सेंट्रल एकेडमी स्कूल में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के तहत स्कूल के बच्चों ने प्रभात फेरी निकालकर सड़क सुरक्षा का संदेश दिया। इस माैके पर जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश कुमार के नेतृत्व में एवं रिलेशंस के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों और आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति सजग करना था। प्रभात फेरी को जिला रोड इंजीनियर एनालिस्ट गौरव कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर गौरव कुमार ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए नियमों का पालन बेहद जरूरी है। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। साथ ही नेक नागरिक योजना की जानकारी देते हुए दुर्घटना में घायलों को त्वरित सहायता पहुंचाने की अपील की गई।

इस दौरान बच्चों ने हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, ओवरस्पीड से बचने और सावधानीपूर्वक वाहन चलाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में रिलेशंस के निदेशक आशुतोष द्विवेदी, स्कूल की प्राचार्या सूतापा भट्टाचार्य, शिक्षक पंकज कुमार सिंह सहित अंकिता चौरसिया, टीकू कुमार रजक सहित गणमान्य मौजूद थे।