दमोह, 25 जनवरी । मध्य प्रदेश के दमाेह जिला न्यायालय परिसर में अधिवक्ताओं के लिए निर्मित नवीन सभागार का लोकार्पण रविवार को गरिमामयी वातावरण में संपन्न हुआ। लगभग 18 लाख रुपये की लागत से सांसद निधि द्वारा निर्मित इस सभागार का लोकार्पण मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति राजेन्द्र कुमार वाणी, दमोह सांसद राहुल सिंह लोधी, जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुभाष सोलंकी तथा दमोह विधायक जयंत मलैया के करकमलों से किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा फीता काटकर तथा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात अतिथियों का पुष्पहार पहनाकर स्वागत किया गया एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर न्यायमूर्ति राजेन्द्र कुमार वाणी ने नवीन सभागार के निर्माण पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आयोजन की सराहना की। उन्होंने दमोह न्यायालय परिसर का भ्रमण कर यहां किए गए विभिन्न विकास कार्यों की प्रशंसा की। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि अधिवक्ता संघ के जिला अध्यक्ष द्वारा कुछ विषय उनके संज्ञान में लाए गए हैं, जिनके समाधान के लिए यथासंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने आयोजन से जुड़े सभी लोगों का आभार भी व्यक्त किया।
कार्यक्रम में स्वागत भाषण जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुभाष सोलंकी ने प्रस्तुत किया। उन्होंने सभागार निर्माण को अधिवक्ताओं के लिए एक महत्वपूर्ण सुविधा बताते हुए कहा कि इससे न्यायिक कार्यों के साथ-साथ अधिवक्ताओं की बैठकों और आयोजनों को बेहतर मंच मिलेगा। जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष कमलेश भारद्वाज ने आयोजन के उद्देश्य और अधिवक्ताओं से जुड़े विषयों पर अपनी बात रखते हुए अतिथियों का ध्यान अधिवक्ता समुदाय की आवश्यकताओं की ओर आकर्षित किया।
सांसद राहुल सिंह लोधी ने अपने संबोधन में कहा कि अधिवक्ताओं ने अपने मत देकर उन्हें सांसद बनाया है, इसलिए सांसद निधि पर भी अधिवक्ताओं का अधिकार है। उन्होंने नवीन सभागार के निर्माण को सामूहिक प्रयास का परिणाम बताते हुए सभी को शुभकामनाएं दीं। विधायक जयंत मलैया ने कहा कि अधिवक्ताओं और न्यायालय परिसर के विकास के लिए वे सदैव तत्पर रहेंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी जो कार्य उनके स्तर से संभव होंगे, उन्हें पूरा किया जाएगा।
इस अवसर पर न्यायाधीशगणों के साथ भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष श्याम शिवहरे, वरिष्ठ अधिवक्ता भगवती श्रीवास्तव, ओ.पी. श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में अधिवक्तागण, न्यायालयीन अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। नवीन सभागार के लोकार्पण से अधिवक्ता समुदाय में उत्साह का माहौल देखा गया।