धनबाद, 26 जनवरी । धनबाद के रणधीर वर्मा स्टेडियम में गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित मुख्य समारोह में जहां देशभक्ति का माहौल देखने को मिला, वहीं राइफल क्लब की ओर से लगाए गए विशेष स्टॉल ने खेल प्रेमियों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। इस स्टॉल के माध्यम से लोगों को राइफल और पिस्टल शूटिंग से जुड़ी आधुनिक सुविधाओं, प्रशिक्षण व्यवस्था और करियर की संभावनाओं की जानकारी दी गई।
धनबाद स्थित रणधीर वर्मा स्टेडियम में गणतंत्र दिवस के अवसर पर मुख्य समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त (डीसी) आदित्य रंजन ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। समारोह के दौरान राइफल क्लब की ओर से एक विशेष स्टॉल भी लगाया गया, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा।
राइफल क्लब के मृत्युंजय राय ने बताया कि यह स्टॉल खेलों के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से लगाया गया है, ताकि लोगों को राइफल शूटिंग और पिस्टल शूटिंग से जुड़ी जानकारी मिल सके। उन्होंने कहा कि धनबाद के आईआईटी (आईएसएम) परिसर में राइफल और पिस्टल शूटिंग के लिए अत्याधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध है। क्लब की ओर से 8 से 10 वर्ष के बच्चों से लेकर किसी भी आयु वर्ग के लोगों को राइफल और पिस्टल शूटिंग का प्रशिक्षण दिया जाता है। प्रशिक्षण राष्ट्रीय स्तर के कोचों की ओर से प्रदान किया जाता है। गणतंत्र दिवस के अवसर पर पहली बार इस तरह का स्टॉल लगाया गया है।
उन्होंने यह भी बताया कि शूटिंग को करियर से जोड़ा जा सकता है, क्योंकि अच्छे मेडलिस्ट खिलाड़ियों को स्पोर्ट्स कोटे के तहत अच्छी नौकरियां भी मिलती हैं। इसके साथ ही बच्चों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर भी दिया जाता है।
वहीं, राइफल के राष्ट्रीय खिलाड़ी राजेंद्र सिंह ने बताया कि स्टॉल में 10 मीटर रेंज की राइफल और पिस्टल प्रदर्शित की गई हैं, जिनका उपयोग राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में किया जाता है। उन्होंने कहा कि यहां सभी प्रकार की शूटिंग में इस्तेमाल होने वाली राइफल और पिस्टल रखी गई हैं। स्टॉल में पुरानी राइफल और पिस्टल के साथ-साथ आधुनिक राइफल और पिस्टल भी प्रदर्शन के लिए रखी गई हैं। आईआईटी आईएसएम परिसर के अंदर राइफल क्लब की ओर से नियमित रूप से शूटिंग का प्रशिक्षण दिया जाता है।