गणतंत्र दिवस पर खूंटी में भव्य आयोजन, परेड-झांकियों ने मोहा मन

Spread the love

खूंटी, 26 जनवरी । 77वें गणतंत्र दिवस पर जिला मुख्यालय सहित सभी प्रखंडों में उत्साह और गरिमा के साथ कार्यक्रम आयोजित हुए। उपायुक्त ने प्रातः 8.20 सरकारी आवास, 9.10 बजे कचहरी मैदान तथा 10.35 बजे समाहरणालय परिसर में तिरंगा फहराकर राष्ट्रगान किया। जिला परिषद, अनुमंडल कार्यालय, एसडीपीओ कार्यालय और पुलिस लाइन सहित अन्य कार्यालयों में भी निर्धारित समय पर ध्वजारोहण हुआ। सुबह सात बजे सुभाष चंद्र बोस चौक से कचहरी मैदान तक स्कूली बच्चों की प्रभात फेरी निकाली गई।

मुख्य समारोह कचहरी मैदान में आयोजित हुआ, जहां उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने परेड का निरीक्षण किया। परेड में सशस्त्र सीमा बल, झारखंड पुलिस (पुरुष व महिला), गृह रक्षक, सहायक पुलिस, एनसीसी (बिरसा कॉलेज व एसएस हाई स्कूल), लोयोला स्कूल स्काउट तथा डीएवी स्कूल की टुकड़ियों ने जोश के साथ मार्च पास्ट किया। बैंड के साथ लोयोला हाई स्कूल की प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही। परेड में प्रथम स्थान एनसीसी बिरसा कॉलेज, द्वितीय डीएवी खूंटी और तृतीय लोयोला स्कूल ने प्राप्त किया। ड्रिल प्रतियोगिता में आर.सी. बालक प्रथम, केजीबीवी कर्रा द्वितीय और नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालय तृतीय रहा।

उपायुक्त ने अपने संबोधन में जिलावासियों को “जोहार” कहते हुए गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं और कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता अंतिम व्यक्ति तक कल्याणकारी योजनाएं पहुंचाना है। उन्होंने भगवान बिरसा मुण्डा सहित स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया।

समारोह में विभिन्न विभागों की आकर्षक झांकियां निकाली गईं। शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, समाज कल्याण, कृषि-पशुपालन, कल्याण, नगर पंचायत, पेयजल-स्वच्छता, परिवहन, जेएसएलपीएस, आपूर्ति तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने अपनी थीम आधारित प्रस्तुति दी। झांकी प्रतियोगिता में परिवहन विभाग प्रथम, स्वास्थ्य विभाग द्वितीय और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग तृतीय रहा। उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों-कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के पश्चात उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक व अन्य पदाधिकारियों ने बिरसा पार्क, भगत सिंह चौक और सुभाष चंद्र बोस चौक पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।