ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026: ज्वेरेव ने टीन को हराकर सेमीफाइनल में बनाई जगह

Spread the love

मेलबर्न, 27 जनवरी । जर्मनी के स्टार टेनिस खिलाड़ी अलेक्जेंडर ज्वेरेव ने मंगलवार को ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 के क्वार्टरफाइनल में कड़ी चुनौती का सामना करते हुए अमेरिका के लर्नर टीन को 6-3, 6-7(5), 6-1, 7-6(3) से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। इस जीत के साथ ज्वेरेव एक बार फिर टूर्नामेंट के फाइनल की ओर कदम बढ़ाते नजर आ रहे हैं।

तीसरी वरीयता प्राप्त ज्वेरेव, जो पिछले साल यानिक सिनर के खिलाफ उपविजेता रहे थे, अब सेमीफाइनल में कार्लोस अल्काराज और एलेक्स डी मिनॉर के बीच होने वाले मुकाबले के विजेता से भिड़ेंगे। यह ऑस्ट्रेलियन ओपन में उनका चौथा सेमीफाइनल होगा।

मैच की शुरुआत में ज्वेरेव ने पहला सेट अपने नाम किया। पहले सेट के छठे गेम में उन्हें अहम ब्रेक मिला, जब 20 वर्षीय टीन का क्रॉस-कोर्ट बैकहैंड शॉट लाइन से बाहर चला गया। इससे ज्वेरेव को बढ़त मिल गई और उन्होंने पहला सेट 6-3 से जीत लिया।

दूसरा सेट बेहद कड़ा रहा और दोनों खिलाड़ियों के बीच कोई खास अंतर देखने को नहीं मिला। यह सेट टाईब्रेक तक गया, जहां टीन ने शानदार पासिंग शॉट लगाकर सेट प्वाइंट हासिल किया और उसे भुनाते हुए 7-6(5) से सेट जीत लिया।

हालांकि तीसरे सेट में ज्वेरेव ने शानदार वापसी की। उन्होंने अपनी गलतियों पर काबू पाया और दो बार टीन की सर्विस तोड़ते हुए सेट को आसानी से 6-1 से अपने नाम कर लिया।

चौथा सेट भी काफी रोमांचक रहा और दोनों खिलाड़ी अपनी सर्विस बचाते रहे। अंततः मुकाबला फिर से टाईब्रेक में पहुंचा, जहां ज्वेरेव ने दबदबा बनाते हुए 7-6(3) से जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली।

मैच के बाद ज्वेरेव ने टीन की जमकर तारीफ करते हुए कहा,

“बेसलाइन से लर्नर अविश्वसनीय खेल रहे थे। काफी समय में मैंने किसी खिलाड़ी को इतना अच्छा खेलते नहीं देखा। मुझे नहीं पता कि ऑफ-सीजन में माइकल चांग ने उनके साथ क्या किया है, लेकिन उनका खेल शानदार है। आज मैं शायद अपने 20 ऐस के बिना यह मैच नहीं जीत पाता। मैं सेमीफाइनल में पहुंचकर बेहद खुश हूं।”

ज्वेरेव ने इस मुकाबले में कुल 20 ऐस लगाए, जो उनकी जीत का अहम कारण बने।