झज्जर, 27 जनवरी । बहादुरगढ़ ब्लॉक समिति की चेयरपर्सन पद के लिए हुए चुनाव में रचिता जून ने शानदार जीत दर्ज की। मंगलवार को बीडीपीओ कार्यालय में हुए चुनाव के बाद परिणाम घोषित होते ही भाजपा नेता दिनेश कौशिक समर्थित रचिता जून के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई और जीत का जश्न मनाया गया। रचिता जून को कुल 19 वोट प्राप्त हुए, जबकि उनकी प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवार रेणु बाला को 10 मतों से संतोष करना पड़ा। इस प्रकार रचिता जून ने स्पष्ट बहुमत के साथ चेयरपर्सन पद पर कब्जा जमा लिया।
चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। जैसे ही परिणाम घोषित किए गए, रचिता जून के समर्थकों ने फूल-मालाएं पहनाकर उनका स्वागत किया और मिठाई बांटी। अपनी इस जीत के लिए रचिता जून ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ोली, भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखंड, भाजपा जिला अध्यक्ष विकास वाल्मीकि और भाजपा नेता के बहादुरगढ़ विधानसभा क्षेत्र संयोजक दिनेश कौशिक का आभार जताया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे विकास कार्यों को प्राथमिकता देंगी और सभी सदस्यों को साथ लेकर ग्रामीण क्षेत्र के विकास के लिए काम करेंगी।
गौरतलब है खंड विकास एवं पचायत समिति बहादुरगढ़ की चेयरपर्सन रही वर्षा गौतम के खिलाफ अविश्वास पस्ताव लाया गया था। इसके बाद से ही चेयरपर्सन पद के लिए सरगर्मियां तेज हो गई थी। रचिता जून की इस जीत के पीछे भाजपा नेता दिनेश कौशिक का पूर्णतया समर्थन बताया जा रहा है। भाजपा नेता दिनेश कौशिक ने नवनिर्वाचित चेयरपर्सन रचिता जून को जीत की बधाई देते हुए कहा उन्हें पूरी उम्मीद है रचिता जून ब्लाक समिति के सभी सदस्यों को साथ लेकर चलेंगी और हर वार्ड में जो भी कार्य शेष है उन्हें जल्द से जल्द पूरा करवायेंगी।
ब्लाक समिति चुनाव में रचिता जून जीत के बाद भाजपा नेता दिनेश कौशिक एक बार फिर चर्चा में हैं। रचिता को शुरू से ही दिनेश कौशिक का समर्थन प्राप्त था। वहीं इससे पहले जब बहादुरगढ़ में सीएम एमिनेंट पर्सन लगाए गए तो सभी पदों पर दिनेश कौशिक ने अपने समर्थकों को ही जगह दिलवाई। हाल ही में जब मार्केट कमेटी के प्रधान और उप-प्रधान की घोषणा हुई तो उसमें भी दिनेश कौशिक का प्रभाव को देखने को मिला था।