बक्सर, 27 जनवरी । कृषि वर्ष 2025-26 में कृषि सांख्यिकी कार्यों को सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में एक दिवसीय रब्बी मौसम का आवृतिचर्या प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला का आयोजन समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में किया गया।
प्रशिक्षण का उद्देश्य कृषि सांख्यिकी से जुड़े पदाधिकारियों, कर्मियों एवं डाटा इंट्री ऑपरेटरों की क्षमता का विकास करना था।
कार्यक्रम का शुभारम्भ जिला पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता एवं जिला सांख्यिकी पदाधिकारी बक्सर द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। प्रारम्भ में जिला सांख्यिकी पदाधिकारी ने प्रशिक्षण के विषयों पर प्रकाश डाला।
जिला पदाधिकारी ने कृषि सांख्यिकी के आंकड़ा संग्रहण की महत्ता पर बल देते हुए ससमय एवं शुद्ध प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि यह आंकड़े कृषकों को क्षतिपूर्ति प्रदान करने तथा नीति निर्धारण में अत्यंत सहायक होते हैं।
प्रशिक्षण सत्र में सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी हेमंत कुमार चौबे एवं अभय प्रताप सिंह द्वारा, पटना के वरीय सांख्यिकी पदाधिकारी चन्दन कुमार एवं अजित कुमार की उपस्थिति में प्रशिक्षण दिया गया। इसमें फसल क्षेत्र सर्वेक्षण, फसल कटनी प्रयोग, भूमि उपयोग विवरणी, नेत्रांकन विधि तथा एप्प के माध्यम से ऑनलाइन प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई।