जिलाधिकारी ने रवाना किया यूसीसी जागरूकता वाहन

Spread the love

चंपावत, 27 जनवरी । प्रथम देवभूमि समान नागरिक संहिता (यूसीसी) दिवस पर जिला सभागार में एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में हुए इस कार्यक्रम में सामाजिक सहभागिता और जन जागरूकता पर विशेष बल दिया गया। इसमें जनप्रतिनिधियों, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं, सीएससी संचालकों, शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों और आम नागरिकों ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम के दौरान यूसीसी के प्रभावी प्रचार-प्रसार और पंजीकरण में उत्कृष्ट योगदान देने वाले ग्राम प्रधानों और महिला समूहों की सदस्यों को सम्मानित किया गया। सम्मानित ग्राम प्रधानों में सुरेश सिंह, अजय नरियाल, पार्वती देवी, भावना बिष्ट और मुकेश सिंह शामिल थे। महिला स्वयं सहायता समूहों से राधा राणा, कमला चौधरी, ममता रावत और लक्ष्मी जोशी को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

यूसीसी पंजीकरण प्रक्रिया में सहयोग देने वाले नागरिकों और जनसेवा केंद्र संचालकों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। इनमें नाजरिन, जितेंद्र सिंह और डैसमण्ड बर्कबैंक जैसे नागरिक शामिल रहे। सीएससी संचालकों में सिम्मी निशाद, मनोहर सिंह, भुवन सिंह बिष्ट, प्रकाश कुमार, ललित मोहन भट्ट, गोपाल दत्त भट्ट, गोविंद बल्लभ, अनुज कुमार सिंह, दीपक सोरारी और हरीश कुमार को सम्मान मिला।

इसके अतिरिक्त, 20 जनवरी से विभिन्न विद्यालयों और संस्थानों में आयोजित निबंध, भाषण, पोस्टर और वाद-विवाद प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं को भी पुरस्कृत किया गया। दिव्यांशी, सौम्या पांडेय, अयान रजा, ललिता भट्ट, आरती जोशी, रोहित, हार्दिक, अभिषेक और तनिष्का सहित कई विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने यूसीसी जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वाहन जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर नागरिकों को यूसीसी के प्रावधानों, पंजीकरण प्रक्रिया और लाभों की जानकारी देगा। जिलाधिकारी ने कहा कि समान नागरिक संहिता सामाजिक समानता, न्याय और समरसता को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके सफल क्रियान्वयन में सामूहिक सहभागिता आवश्यक है।

कार्यक्रम में नगरपालिका परिषद अध्यक्ष प्रेमा पांडे, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, रेडक्रॉस चेयरमैन राजेंद्र गहतोड़ी, अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी, मुख्य शिक्षा अधिकारी मेहरबान सिंह बिष्ट सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।