झज्जर : ड्रेस कोड का पालन नहीं करने पर पुलिस कर्मी निलंबित

Spread the love

झज्जर, 30 जनवरी । ड्रेस कोड का पालन न करने पर एडीजीपी एचएस दुहन ने शुक्रवार को यहां एक पुलिस कर्मचारी को जमकर फटकार लगाई और उसके निलंबन के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह पशुपालन विभाग नहीं, बल्कि अनुशासन आधारित पुलिस विभाग है, जहां नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पुलिस लाइन में चल रही रिहर्सल के दौरान संबंधित पुलिस कर्मचारी वर्दी के बजाय जूती पहनकर पहुंच गया था, जिसे उच्चाधिकारी ने गंभीर अनुशासनहीनता माना। मौके पर ही एडीजीपी दुल्हन ने अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए। वह पुलिस लाइन झज्जर में व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने और कानून व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा करने पहुंचे थे। उन्होंने आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए पुलिस द्वारा गठित की गई कंपनियों की भी विस्तृत जानकारी ली।

निरीक्षण के बाद एडीजीपी जिला पुलिस की कार्यशैली से संतुष्ट नजर आए। उन्होंने जिले में बेहतर पुलिसिंग और कुशल प्रशासनिक संचालन के लिए पुलिस आयुक्त डॉ. राजश्री की प्रशंसा की और टीमवर्क को सराहा। अपराध नियंत्रण को लेकर समय रहते सीलिंग प्लान तैयार करने और उसे प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस में सक्रियता और अनुशासन सबसे अहम है। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि अच्छा कार्य करने वाले पुलिस कर्मचारियों को प्रोत्साहित व सम्मानित किया जाए, जबकि निष्क्रिय और लापरवाह कर्मियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

पुलिस लाइन में अधिकारियों के साथ हुई बैठक में एडीजीपी ने पुलिस वेलफेयर से जुड़े मुद्दों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए और कहा कि कर्मियों की सुविधा और मनोबल मजबूत होगा, तभी बेहतर कानून व्यवस्था कायम रह सकेगी। इसके अलावा गुमशुदा बच्चों की तलाश को लेकर पुलिस को विशेष प्लान तैयार करने और समयबद्ध कार्रवाई करने के आदेश दिए गए। निरीक्षण के दौरान ड्रेस कोड का पालन न करने पर एक पुलिस कर्मचारी को निलंबित किया गया।