बीकानेर, 30 जनवरी । सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के सेवानिवृत्त आईजी एवं अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त गोल्फ खिलाड़ी पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ ने कोलकाता में आयोजित प्रतिष्ठित ऑल इंडिया सीनियर गोल्फ ट्रॉफी में अपनी आयु वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि से बीकानेर सहित पूरे राजस्थान में खुशी और गर्व की लहर दौड़ गई है।
कोलकाता में आयोजित इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में देशभर के अनुभवी और वरिष्ठ गोल्फ खिलाड़ियों ने भाग लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ ने उत्कृष्ट तकनीक, अनुशासन और अनुभव का परिचय देते हुए अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की और ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ का जीवन अनुशासन, सेवा और खेल भावना का उत्कृष्ट उदाहरण रहा है। उन्होंने बीएसएफ में आईजी पद तक अपनी सेवाएं दीं और देश की सुरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान दिया। सेवा काल के साथ-साथ उन्होंने गोल्फ खेल में भी निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन किया। राठौड़ के प्रभावशाली खेल करियर में वर्ल्ड पुलिस गेम्स में कई बार स्वर्ण और रजत पदक जीतना उनकी प्रतिभा और मेहनत का प्रमाण है। उन्होंने विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए शानदार प्रदर्शन किया और भारतीय गोल्फ जगत में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई।
पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ की यह उपलब्धि न केवल खेल जगत के लिए बल्कि युवाओं और सेवानिवृत्त अधिकारियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने यह साबित किया है कि अनुशासन, लगन और निरंतर अभ्यास के बल पर किसी भी उम्र में नई ऊंचाइयों को छुआ जा सकता है। उनकी जीत की खबर मिलते ही बीकानेर शहर में खेल प्रेमियों, सामाजिक संगठनों और गणमान्य नागरिकों ने खुशी व्यक्त की। अनेक लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि राठौड़ ने बीकानेर का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर गौरवान्वित किया है।