ग्वालियरः जिले में ओलावृष्टि की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची कलेक्टर, खेत-खेत जाकर किया मुआयना

Spread the love

ग्वालियर, 03 फरवरी । मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के भितरवार क्षेत्र में सोमवार की रात को हुई ओलावृष्टि की सूचना मिलने पर कलेक्टर रुचिका चौहान ने मंगलवार को बड़की सराय एवं सिकरौदा गांव में पहुंचकर ओलावृष्टि से प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया एवं प्रभावित किसानों से चर्चा की। कलेक्टर ने एसडीएम भितरवार एवं रिवेन्यू के समस्त स्टाफ को निर्देशित किया है कि ओला प्रभावित खेतों के सर्वेक्षण का कार्य तत्काल प्रारंभ करें।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कोई भी प्रभावित किसान सर्वेक्षण में वंचित नहीं रहना चाहिए। साथ ही किसी भी गलत व्यक्ति का नाम सर्वेक्षण में नहीं जुड़ना चाहिए। ओलावृष्टि की सूचना पर क्षेत्र में नहीं पहुंचने पर बड़कीसराय के पटवारी संजय शर्मा को कार्य के प्रति उदासीनता एवं लापरवाही बरतने पर तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश दिए हैं। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने प्रभावित किसानों से चर्चा कर उन्हें आश्वस्त किया कि सभी पीड़ित किसानों को शासन के प्रावधान के अनुरूप मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा।

कलेक्टर रुचिका चौहान ने भ्रमण के दौरान अनुविभागीय राजस्व अधिकारी राजीव समाधिया को निर्देशित किया है कि ओला प्रभावित सभी ग्रामों में प्रारंभिक सर्वेक्षण का कार्य तत्परता से प्रारंभ किया जाए। सर्वेक्षण के दौरान प्रभावित हुए सभी किसानों की सूची नाम एवं रकबे के साथ तैयार की जाए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया है कि ओला प्रभावित कोई भी किसान प्रारंभिक सर्वेक्षण में छूटना नहीं चाहिए। ओलावृष्टि के 4 – 5 दिन बाद कृषि विभाग के दल के माध्यम से भी जिले में सर्वेक्षण का कार्य कराया जायेगा। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने प्रभावित किसानों से विस्तार से चर्चा की।

उन्होंने सभी को आश्वस्त किया है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर ओला प्रभावितों का सर्वेक्षण कार्य तत्परता से किया जायेगा। सर्वेक्षण के उपरांत जो भी प्रभावित किसान हैं उन्हें शासन के प्रावधानों के अनुरूप राहत राशि भी उपलब्ध कराई जायेगी। इसके साथ ही जिन किसानों ने अपनी फसल का बीमा कराया है उन किसानों को भी बीमा कंपनी को 14447 पर सूचना देने के उपरांत कंपनी के माध्यम से बीमे की राशि भी उपलब्ध कराई जायेगी।

कलेक्टर ने बताया कि प्रारंभिक सूचना के आधार पर जिले के विकासखंड भितरवार में 10 से 11 गाँवों में ओले गिरने की सूचना प्राप्त हुई है। राजस्व का सम्पूर्ण अमला अपने-अपने क्षेत्र में भ्रमण कर ओला प्रभावितों के संबंध में जानकारी एकत्रित करने का कार्य कर रहा है। निरीक्षण के दौरान अनुविभागीय राजस्व अधिकारी राजीव समाधिया, तहसीलदार पूजा मावई, तहसीलदार रुचि अग्रवाल सहित राजस्व विभाग का अमला उपस्थित था।

प्रभारी मंत्री सिलावट ने ओला प्रभावित फसलों का प्रारंभिक सर्वे कराने के दिए निर्देशइधर, ग्वालियर के भितरवार क्षेत्र के 10 से 11 गाँवों में सोमवार की रात को ओलावृष्टि होने से किसानों की फसल को क्षति हुई है। प्रदेश के जल संसाधन मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने ओला प्रभावित किसानों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

मंत्री सिलावट ने मंगलवार को ओलावृष्टि की सूचना मिलते ही संभागीय आयुक्त मनोज खत्री, कलेक्टर रुचिका चौहान एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत से दूरभाष पर चर्चा कर ओला प्रभावितों को हर संभव मदद उपलब्ध कराने की बात कही। प्रभारी मंत्री ने वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा कर कहा है कि प्राकृतिक आपदा के कारण ओला प्रभावित सभी किसानों का प्रारंभिक सर्वेक्षण का कार्य तत्परता से कराया जाए। सभी प्रभावितों को शासन के प्रावधानों क अनुरूप सहायता राशि उपलब्ध कराई जायेगी। उन्होंने कहा है कि जिन किसानों ने अपनी फसल का बीमा कराया है उन्हें बीमा कंपनी के माध्यम से भी सहायता राशि उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जाए। प्रभारी मंत्री सिलावट ने कलेक्टर से कहा है कि वे ओला प्रभावित सभी ग्रामों में राजस्व विभाग एवं कृषि विभाग के दल को भेजकर प्रभावित किसानों की सूची तैयार कराने का कार्य भी करें। ओला प्रभावित किसानों के सहयोग के लिये प्रदेश सरकार उनके साथ खड़ी है। हर पीड़ित को शासन की ओर से यथासंभव सहायता दिलाई जायेगी

ओला प्रभावित किसान फसल बीमा होने पर 72 घंटे के अंदर कंपनी को करें सूचितग्वालियर जिले में ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को कृषि विभाग के माध्यम से आवश्यक सलाह दी गई है। किसान भाईयों को आग्रह किया गया है कि ओला प्रभावित ऐसे किसान जिन्होंने अपनी फसल का बीमा कराया है, वे 72 घंटे के अंदर कृषि रक्षा पोर्टल, हैल्पलाइन नम्बर 14447 पर कॉल करके अथवा लिखित रूप से संबंधित बैंक, कृषि विभाग के अधिकारियों एवं बीमा कंपनी के स्थानीय प्रतिनिधि के माध्यम से सूचना दें।

कृषि विभाग के माध्यम से बताया गया है कि ग्वालियर जिले के लिये बीमा कंपनी के जिला प्रतिनिधि श्री अभिषेक गौतम मोबा. 9827256464 पर किसान भाई आवश्यक मार्गदर्शन हेतु संपर्क कर सकते हैं। ओला गिरने के कारण किसी कृषक की फसल पूर्णत: नष्ट हुई है तो वह कृषक वैकल्पिक फसल के रूप में ग्रीष्मकालीन तिल, उड़द व मूंगफली की बुवाई कर सकते हैं। किसान भाईयों से कृषि विभाग द्वारा अपील की गई है कि बीमा कंपनी को सूचना देने के लिये समय-सीमा का ध्यान रखें। समय-सीमा में सूचना देने पर फसल बीमा का लाभ अवश्य प्राप्त होगा। किसान भाई किसी भी जानकारी के लिये कृषि विभाग के कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।