नई दिल्ली, 04 फ़रवरी । बाहरी जिले के निहाल विहार इलाके में हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान वैष करण चौधरी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद कर लिया है। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई भी घायल नहीं हुआ।
बाहरी जिले के पुलिस उपायुक्त सचिन शर्मा ने बुधवार को बताया कि 4 फरवरी की सुबह करीब 5:30 बजे थाना निहाल विहार में फायरिंग की सूचना मिली थी। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची, जहां आरजेडजी ब्लॉक स्थित एक मकान के बाहर तीन राउंड फायर किए जाने के सबूत मिले। मौके से तीन खाली कारतूस भी बरामद किए गए।
पुलिस उपायुक्त के अनुसार पुलिस जांच में सामने आया कि यह मकान एक महिला का है, जिसमें करीब आठ ट्रांसजेंडर रह रहे हैं। इनमें ‘बी’ (31) नामक व्यक्ति भी शामिल है, जो पिछले कुछ दिनों से यहां रह रहा था। शुरुआती जांच में पता चला कि ‘बी’ की शादी आरोपित वैष करण चौधरी से हुई है और दोनों के बीच घरेलू विवाद चल रहा था। तकनीकी जांच और सुरागों के आधार पर पुलिस ने आरोपित वैष करण चौधरी को इस फायरिंग में संलिप्त पाया। पुलिस ने उसे कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से हथियार भी बरामद कर लिया। आरोपित के खिलाफ पहले से तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं।