बेटी की शादी करने आई महिला का रुपयों से भरा बैग खोया

Spread the love

हरिद्वार, 05 फ़रवरी । हरियाणा के रोहतक से अपनी बेटी का विवाह करने आयी एक महिला का रुपयों से भरा बैग खो जाने पर पुलिस ने उसे ढूंढ़कर महिला को वापस लौटा दिया। रुपयों से भरा बैग मिलने पर महिला व परिजनों ने पुलिस का आभार जताया।

जानकारी के मुताबिक 2 फरवरी को बडा बाजार रोहतक हरियाणा निवासी एक महिला बेटी की शादी कराने होटल मधुबन रानीपुर मोड़, ज्वालापुर आयी थी। इसी दौरान महिला बस अड्डा से ई-रिक्शा में बैठकर रानीपुर मोड आयी। महिला ई रिक्शा से उतर गयी, किन्तु उसका बैग ई-रिक्शा में ही छूट गया। बैग में बेटी की शादी के लिए करीब 2 लाख रुपये से अधिक थे। बैग गुम हो जाने का पता चलने पर महिला के होश फाख्ता हो गए। महिला ने कोतवाली ज्वालापुर पहुंचकर पुलिस को मामले की जानकारी दी। महिला को ई-रिक्शा का नम्बर व रिक्शा चालक का नाम पता कुछ भी मालूम नहीं था।

जानकारी मिलते ही पुलिस ने बैग की तलाश शुरू कर दी। गठित टीम को घनी आबादी क्षेत्र में बिना नम्बर की जानकारी व चालक की जानकारी के ई-रिक्शा की तलाश करना सिर्फ कठिन काम था। ज्वालापुर पुलिस टीम ने कडी मेहनत व सीसीटीवी कैमरों की मदद से ई-रिक्शा चालक को तलाश किया। कड़ी मेहनत के बाद पुलिस ने आज ई रिक्शा को ढूढ़कर महिला का बैग बरामद कर लिया।

ई-रिक्शा चालक ने बताया कि वह महिला की तलाश कर रहा था ताकि उसका खोया हुआ बैग उसे लौटा सके। ज्वालापुर पुलिस टीम द्वारा बरामद बैग को महिला के सामने खोला गया तो बैग से 02 लाख 16 हजार रुपये नगद मिले।

महिला ने बताया कि यह रुपयेे अपनी बेटी की शादी के लिए रखे थे।

पुलिस नेे महिला के खोये गये बैग व नकदी को बरामद कर महिला के सुपुर्द कर दिया। बैग मिलने पर महिला ने पुलिस का आभार जताया।