बरेली, 07 फरवरी । सर्किट हाउस में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी की प्रेस वार्ता आयोजित हुई, जिसमें विकसित भारत के संकल्प को गति देने वाले केंद्रीय बजट 2026-27 पर विस्तार से चर्चा की गई। मीडिया को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व जल शक्ति मंत्री, विधान परिषद सदस्य व मध्य प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रस्तुत बजट उत्तर प्रदेश के विकास, रोजगार सृजन और आत्मनिर्भरता को नई ऊंचाई देने वाला साबित होगा।
उन्होंने कहा कि घोषित सात हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर और रेलवे आधुनिकीकरण का सबसे अधिक लाभ उत्तर प्रदेश को मिलेगा। लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, प्रयागराज व आगरा जैसे शहरों की कनेक्टिविटी मजबूत होने से व्यापार और निवेश बढ़ेगा। राष्ट्रीय राजमार्ग, मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक्स व फ्रंट कॉरिडोर पर जोर से प्रदेश को लॉजिस्टिक हब के रूप में विकसित किया जाएगा।
एमएसएमई क्षेत्र के लिए 10,000 करोड़ रुपये का ग्रोथ फंड कुटीर उद्योग, हस्तशिल्प, हैंडलूम, चमड़ा व फूड प्रोसेसिंग सेक्टर को मजबूती देगा। वहीं 10,000 करोड़ रुपये की बायोफार्मा शक्ति योजना से फार्मा व मेडिकल डिवाइस मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा मिलेगा। पूर्वांचल व बुंदेलखंड के आकांक्षी जिलों में बुनियादी ढांचा व निवेश बढ़ाने पर विशेष फोकस रखा गया है।
कृषि क्षेत्र में भारत व विस्तार एआई प्लेटफॉर्म के जरिए किसानों को फसल, मौसम व बाजार की जानकारी मिलेगी। वाराणसी में नेशनल वॉटरवे-1 पर शिप रिपेयर इकोसिस्टम से रोजगार के अवसर सृजित होंगे। 36 जीवनरक्षक दवाओं पर शुल्क छूट से इलाज सस्ता होगा।
उन्होंने बताया कि हर जिले में गर्ल्स हॉस्टल, 15 हजार स्कूलों व 500 कॉलेजों में एनीमेशन-गेमिंग-वीएफएक्स लैब, 10 हजार टूर गाइड प्रशिक्षण तथा 200 औद्योगिक क्लस्टरों के आधुनिकीकरण जैसी योजनाएं युवाओं व उद्योगों को नई दिशा देंगी। सिटी इकोनॉमिक रीजन विकसित होने से बड़े शहर रोजगार व स्टार्टअप हब बनेंगे।