शिवपुरीः प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने साप्ताहिक हाट बाजार में किसानों को किया गया जागरूक

Spread the love

शिवपुरी, 08 फ़रवरी । मध्यप्रदेश के शिवपुरी में जिला प्रशासन के निर्देशन में पुरानी अनाज मंडी में संचालित साप्ताहिक प्राकृतिक एवं जैविक खेती हाट बाजार किसानों और उपभोक्ताओं के बीच सेतु बनता जा रहा है। हाट बाजार के माध्यम से जहां एक ओर किसानों को रसायनमुक्त खेती के लिए प्रेरित किया जा रहा है, वहीं आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित कृषि उत्पाद उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

रविवार को आयोजित हाट बाजार में कृषि विज्ञान केंद्र तथा कृषि विभाग (आत्मा) के समन्वय से प्राकृतिक खेती प्रोत्साहन गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस दौरान कृषकों एवं नागरिकों को प्राकृतिक एवं जैविक खेती की उपयोगिता, लागत में कमी और स्वास्थ्य लाभों के संबंध में जानकारी दी गई।

हाट बाजार में जिले के पिछोर, नरवर, पोहरी, कोलारस और बदरवास विकासखंडों के ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे किसानों एवं कृषि सखियों ने प्राकृतिक खेती से उत्पादित उपज का विक्रय किया। बाजार में आलू, मटर, टमाटर, गोभी, लौकी, कद्दू, चेरी टमाटर, सेम, शकरकंद, मूली, गाजर सहित पपीता, अमरूद, नींबू, मिर्च, पुदीना, अदरक, हल्दी एवं दूध जैसे उत्पाद उपभोक्ताओं के लिए उपलब्ध रहे।

जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में किसानों को जायद फसल चक्र के अंतर्गत मूंग के स्थान पर उड़द एवं मूंगफली जैसी फसलों को बिना रासायनिक उर्वरक एवं कीटनाशकों के उगाने की सलाह दी जा रही है। वहीं कृषि विज्ञान केंद्र शिवपुरी के वरिष्ठ वैज्ञानिकों एवं उपसंचालक कृषि द्वारा उत्पादन बढ़ाने और खेती को लाभकारी बनाने हेतु तकनीकी मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, प्राकृतिक एवं जैविक खेती हाट बाजार किसानों की आय में वृद्धि के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और जनस्वास्थ्य की दिशा में एक प्रभावी कदम सिद्ध हो रहा है।