पुरानी पेंशन बहाली व ई अटेंडेंस के विरोध में सड़क पर उतरे अध्यापक, सौंपा ज्ञापन

Spread the love

मंदसौर , 08 फ़रवरी । मध्य प्रदेश के मंदसौर में सैकड़ों अध्यापकों के साथ आजाद अध्यापक शिक्षक संघ ने रविवार को प्रांताध्यक्ष भरत पटेल के आह्वान पर जिला अध्यक्ष श्याम मीणा के नेतृत्व में मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन कलेक्टर के प्रतिनिधि को दिया गया।

ज्ञापन के पूर्व महाराणा प्रताप बस स्टैण्ड स्थित अभिव्यक्ति स्थल पर जिले भर से आये बड़ी संख्या में अध्यापक साथी उपस्थित हुए जहां से रैली के रूप में सुशासन भवन पहुंचे।

ज्ञापन में अपनी 21 मांगे रखी गई। अध्यापक शिक्षक संवर्ग को भी क्रमोन्नति और समयमान वेतनमान की भांति प्रथम नियुक्ति दिनांक से सेवा अवधि की गणना करते हुए पेंशन ग्रेजुटी एवं अवकाशों का नकदीकरण का लाभ सुनिश्चित किया जाए, अध्यापक शिक्षक संवर्ग को केंद्रीय कर्मचारियों की भांति 1 जनवरी 2026 से आठवां वेतनमान का लाभ दिया जाए, मध्य प्रदेश के समस्त एनपीएस धारक कर्मचारियों को पुरानी पेंशन लागू की जाए। विगत वर्षों में दिवंगत अध्यापक शिक्षक संवर्ग के आश्रित परिवार के सदस्य को अविलंब अनुकंपा नियुक्ति दी जाए, गुरु जी को उनकी प्रथम नियुक्ति दिनांक वरिष्ठता दी जाए।

जनजाति कार्य विभाग में कार्यरत अध्यापक शिक्षक संवर्ग को स्कूल शिक्षा विभाग में मर्ज किया जाए। अध्यापक शिक्षक संवर्ग की माह सितंबर 2022 की रुकी हुई हड़ताल अवधि का वेतन भुगतान किया जाए, अध्यापक शिक्षक सोमवार को कुल रिक्त पदों में से 50 प्रतिशत रिक्त पदों पर पदोन्नति दी जाए। अध्यापक शिक्षक संवर्ग के तीन संतान वाले कर्मचारियों को प्रशासनिक कार्रवाई से मुक्त किया जाए ,अध्यापक शिक्षक संवर्ग को कैशलेस मेडिकल क्लेम की सुविधा दी जाए। ई अटेंडेंस को तत्काल बंद किया जाए या फिर शिक्षा विभाग में कार्य समस्त बाबू एवं समस्त अधिकारियों को भी ई अटेंडेंस लगाने के लिए अनिवार्य किया जाए। उक्त ज्ञापन कार्यक्रम में मंदसौर जिले के सैकड़ों अध्यापक सम्मिलित हुए।