कांग्रेस की बैठक में सुविधाओं को गंभीरता से उठाने का निर्णय

Spread the love

पलामू, 09 फ़रवरी । नगर निकाय चुनाव को लेकर पलामू जिला कांग्रेस कमिटी की ओर से जिला संचालन समिति का गठन किया गया। सोमवार को कांग्रेस भवन में समिति की बैठक में संगठनात्मक मामले, नगर निगम क्षेत्र की समस्या और आगामी कार्यक्रमों को लेकर विचार-विमर्श किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष विमला कुमारी ने की।

इस अवसर पर पार्टी के नेता और पदाधिकारियों ने नगर निगम क्षेत्र से जुड़ी बुनियादी नागरिक सुविधाओं, स्वच्छता, पेयजल आपूर्ति, जलनिकासी, सड़क और नाली की स्थिति, स्ट्रीट लाइट, यातायात व्यवस्था, अतिक्रमण, पर्यावरण संरक्षण और शहरी बस्तियों में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता जैसे विषय प्रमुख रूप से सामने आए। बैठक में इस बात पर बल दिया गया कि जनता से जुड़े मुद्दों को लोकतांत्रिक मर्यादा के साथ प्रभावी ढंग से उठाया जाना चाहिए।

जिला अध्यक्ष बिमला कुमारी ने कहा कि मेयर पद की प्रत्याशी नम्रता त्रिपाठी शिक्षित और नगर निगम क्षेत्र की जमीनी समस्याओं से भली-भांति परिचित प्रत्याशी हैं। शहर के व्यापारियों की सुरक्षा, बाजार क्षेत्रों की सुव्यवस्था, शहर के सौंदर्यीकरण, सार्वजनिक पुस्तकालयों का संरक्षण, बच्चों के लिए खेल मैदान, स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई और नागरिक सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण जैसे विषयों पर गंभीरता से विचार किए जाने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि नगर निगम के पूर्व प्रतिनिधियों के कार्यों का आकलन जनता स्वयं कर रही है और आम लोग पारदर्शी और संवेदनशील प्रशासन की अपेक्षा रखते हैं।