चंडीगढ़, 09 फ़रवरी । हरियाणा के राशन डिपाें पर अब दिव्यांगों के लिए अलग लाइन लगेगी। सामान्य नागरिकों के साथ उन्हें कतार में खड़ा नहीं होना पड़ेगा। रेडक्रास सोसायटी की पहल पर खाद्य, नागरिक एवं उपभोक्ता मामले निदेशालय की ओर से सोमवार को राज्य के सभी जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक अधिकारियों को राशन डिपो में दिव्यांगों को प्राथमिकता के आधार पर राशन उपलब्ध कराने के निर्देश जारी किए गए हैं।
दिव्यांगों को राशन लेने के लिए लंबी कतारों में घंटों का इंतजार नहीं करना पड़ेगा, उनके लिए डिपो पर अलग से विंडो (लाइन) की व्यवस्था की जाएगी।
हरियाणा रेडक्रास सोसायटी के वाइस चेयरमैन अंकुश मिगलानी ने सोमवार को जारी जानकारी में बताया कि सात फरवरी को गुरुग्राम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एक दिव्यांगजन ने राशन डिपो पर राशन लेने के लिए लंबी लाइनों में खड़े होने की समस्या बारे अवगत कराया। उपाध्यक्ष को दिव्यांगजन सतीश ने बताया कि जब वे राशन लेने के लिए डिपो पर जाते हैं तो उनकी दिव्यांगता को देखते हुए डिपो होल्डर प्राथमिकता पर राशन देने की बजाय लाइन में घंटों इंतजार करने की हिदायत देते हैं। घंटों लंबी लाइन में राशन लेने के लिए खड़े रहने के दौरान उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता है।
रेडक्रास उपाध्यक्ष की ओर से तुरंत इस पर संज्ञान लेने हुए खाद्य, नागरिक एवं आपूर्ति विभाग को पत्र लिखकर अलग से दिव्यांगजनों के लिए अलग से लाइन की व्यवस्था कराने की सिफारिश की। रेडक्रास उपाध्यक्ष की सिफारिश पर संज्ञान लेते हुए खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलों के अतिरिक्त मुख्य सचिव कार्यालय की ओर से जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रकों को निर्देश जारी किए गए कि राशन डिपो पर दिव्यांगजनों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले निदेशालय की ओर से प्रदेश के सभी डीएफएससी को निर्देश दिए गए हैं कि उचित मूल्य की दुकानों पर दिव्यांग लाभार्थियों को प्राथमिकता के आधार पर राशन मुहैया करवाया जाए। दिव्यांग लाभार्थियों को सामान्य पंक्तियों में प्रतीक्षा किए बिना तत्काल राशन वितरित किया जाए। निदेशालय की ओर से कड़ी हिदायत दी गई है कि सभी राशन डिपो पर आदेशों का कड़ाई से पालन हो और इसकी सूचना भी प्रदर्शित की जाए, वहीं डिपो होल्डर दिव्यांगजनों के प्रति संवेदनशील व्यवहार करेंगे और आवश्यक होने पर सहायता प्रदान करेंगे।