हिसार : कैबिनेट मंत्री गंगवा ने किया 28 करोड़ की बरसाती जल निकासी परियोजना का शिलान्यास

Spread the love

सरकार जनसुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए प्रतिबद्ध : रणबीर गंगवाहिसार, 9 फरवरी । लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने आजाद नगर क्षेत्र में लगभग 28.11 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली बरसाती जल निकासी परियोजना का शिलान्यास किया। इस परियोजना के पूर्ण होने से क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही जलभराव की गंभीर समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित होगा।मंत्री रणबीर गंगवा ने साेमवार काे बताया कि इस परियोजना के माध्यम से आजाद नगर क्षेत्र के लगभग 500 एकड़ क्षेत्र को कवर किया जाएगा। बरसात के मौसम में होने वाले जलभराव से निजात दिलाने के उद्देश्य से इस योजना को तैयार किया गया है। परियोजना के अंतर्गत विभिन्न आकारों की लगभग 14 किलोमीटर लंबी आरसीसी पाइप लाइन बिछाई जाएगी। इसके साथ ही बरसाती पानी की निकासी के लिए 8 पंप स्थापित किए जाएंगे, जिनमें प्रत्येक पंप की क्षमता 18 हजार 500 लीटर प्रति मिनट होगी। पानी के संग्रहण के लिए एक टैंक के निर्माण के साथ-साथ पंपों के संचालन के लिए पंप हाउस भी बनाया जाएगा। कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने बताया कि बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में पंपों के निर्बाध संचालन के लिए 600 केवीए क्षमता के दो जनरेटर भी स्थापित किए जाएंगे। पंपों के माध्यम से निकाला गया बरसाती पानी 800 मिमी साइज की डीआई पाइप लाइन की दो लाइनों के जरिए हिसार मल्टीपरपज ड्रेन में डाला जाएगा, जिनकी कुल लंबाई लगभग 5200 मीटर होगी। इसके अतिरिक्त लघु सचिवालय स्थित बरसाती पानी के डिस्पोजल प्वाइंट पर पंपों की क्षमता 16 क्यूसेक से बढ़ाकर 60 क्यूसेक की जाएगी, जिससे पटेल नगर, जवाहर नगर एवं ग्रीन पार्क क्षेत्र में भी जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी। इस अवसर पर नलवा विधायक रणधीर पनिहार, पार्षद सत्यवान पानू, पार्षद गुलाब धानक, मंडल अध्यक्ष सुमन कस्वां, जिला महामंत्री कृष्ण सरसाना, चेयरमैन अजय गावड़, सरपंच भगवान दास, चेयरमैन महेंद्र, जोगीराम खुंडिया, पूर्व पार्षद पिंकी शर्मा, वाइस चेयरमैन सुरेंद्र, साधु राम, दलीप फौजी सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।