राजस्थान के सात शहरों का दिन का पारा 30 पार

Spread the love

जयपुर, 09 फ़रवरी । प्रदेश में तापमान में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। दिन के अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी के चलते कई शहरों में हल्की गर्मी का अहसास हुआ। प्रदेश के सात शहरों में दिन का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। बाड़मेर 31.2 डिग्री के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा।

मौसम विभाग के अनुसार आगामी एक सप्ताह तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान तापमान में मामूली बढ़ोतरी और उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। रात के तापमान की बात करें तो प्रदेश के 15 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। 5.7 डिग्री के साथ पाली की रात सबसे सर्द रही। वनस्थली, अलवर, पिलानी, सीकर, माउंट आबू, नागौर, बारां, जालोर, सिरोही, फतेहपुर, करौली, दौसा, लूणकरणसर और झुंझुनूं में भी रात का तापमान 10 डिग्री से कम रहा।

राजधानी जयपुर में सुबह हल्के बादल छाए रहे और हवाएं चलीं। इससे दिन के तापमान में 0.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। वहीं रात के तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई। जयपुर का अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

प्रदेश के प्रमुख शहरों का अधिकतम तापमान (डिग्री सेल्सियस): बाड़मेर 31.2, चित्तौड़गढ़ 30.6, जैसलमेर 30.6, जोधपुर 30.6, पाली 30.2, डूंगरपुर 30.1, जालोर 30.0 रहा।