नैनीताल, 09 फ़रवरी । कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कैंचीधाम बायपास मार्ग पर 15 जून 2026 तक किसी भी स्थिति में यातायात शुरू किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि 75 मीटर स्पान के प्रस्तावित पुल के निर्माण में विलंब की संभावना हो, तो अस्थायी रूप से वैलीब्रिज की व्यवस्था कर बायपास को निर्धारित समय पर चालू किया जाए।
कैबिनेट मंत्री ने रविवार को विकास भवन भीमताल पहुंचकर लोक निर्माण विभाग की 945.99 लाख रुपये की चार योजनाओं का शिलान्यास तथा 312.13 लाख रुपये की एक योजना का लोकार्पण सहित कुल 1258.12 लाख रुपये की पांच योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। सतपाल महाराज ने कहा कि प्रदेश सरकार पंचायतों को सशक्त बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है और 73वें संविधान संशोधन के अंतर्गत 11वीं अनुसूची में वर्णित 29 विषयों के हस्तांतरण की प्रक्रिया चल रही है।
प्रदेशभर में नए पंचायत भवनों का निर्माण तथा पुराने भवनों का जीर्णोद्धार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अब तक 14,027 नए गांवों को सड़क से जोड़ा जा चुका है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ा गया है। उन्होंने दीनदयाल उपाध्याय गृह आवास (होम स्टे) विकास योजना की जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश में पांच हजार से अधिक होम स्टे पंजीकृत हो चुके हैं और 1118 लोग योजना का लाभ उठा चुके हैं।
इस दौनन विकास भवन सभागार में आयोजित जनसंवाद और विभागीय समीक्षा बैठक में मंत्री ने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि जनपद की प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण के प्रस्ताव प्राथमिकता से शासन को भेजे जाएं और भारी वाहनों के अनुरूप सड़कों का निर्माण किया जाए, ताकि गुणवत्ता बनी रहे। सिंचाई विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने क्षतिग्रस्त गूलों और नहरों की मरम्मत शीघ्र कराने, भीमताल–नौकुचियाताल नहर से अतिक्रमण हटाने तथा झीलों और नदियों में जमी गाद को हटाने के निर्देश दिए।
पंचायतीराज विभाग को गांव से लेकर मुख्यालय स्तर तक कूड़ा निस्तारण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। पर्यटन विभाग की समीक्षा में होम स्टे में स्वच्छता, शौचालय और सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
बैठक में सरिता आर्या, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दर्मवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़ी समस्याएं और सुझाव रखे।