जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा पर बिफरे कांग्रेसी, एसडीएम से की शिकायत

Spread the love

धमतरी, 11 फ़रवरी । नवीन महाविद्यालय आमदी के वार्षिक सम्मेलन में धमतरी विधायक ओंकार साहू को आमंत्रित नहीं किए जाने को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखी गई। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने इसे जनप्रतिनिधियों की लगातार उपेक्षा बताते हुए कड़ा विरोध जताया और बुधवार को अनुविभागीय कार्यालय में एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।

कांग्रेसी नेताओं का आरोप है कि पिछले दो वर्षों से कांग्रेस के जनप्रतिनिधियों को शासकीय कार्यक्रमों से दूर रखा जा रहा है। उनका कहना है कि यह सब राजनीतिक दबाव और पर्दे के पीछे चल रहे खेल का हिस्सा प्रतीत होता है, जिसके तहत कांग्रेस से जुड़े जनप्रतिनिधियों को सार्वजनिक आयोजनों से अलग करने का प्रयास किया जा रहा है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने बयान जारी कर कहा कि एक ओर जनभागीदारी और लोकतांत्रिक प्रक्रिया की बात की जाती है, वहीं दूसरी ओर विपक्षी जनप्रतिनिधियों को मंच से दूर रखने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ बताते हुए कहा कि कांग्रेस जमीन से जुड़ी पार्टी है और संघर्ष से पीछे हटने वाली नहीं है। यदि भविष्य में भी जनप्रतिनिधियों का अपमान या उन्हें नीचा दिखाने का प्रयास किया गया तो कांग्रेस इसका मुंहतोड़ जवाब देगी। ज्ञापन में मांग की गई है कि स्थानीय विधायक, जिला पंचायत सदस्य, जनपद पंचायत सदस्य एवं पार्षद सहित सभी निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को शासकीय कार्यक्रमों में उचित सम्मान और आमंत्रण दिया जाए।

इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष योगेश शर्मा, गौतम वाधवानी, नेता प्रतिपक्ष दीपक सोनकर, उप नेता प्रतिपक्ष सत्येंद्र देवांगन, विधानसभा अध्यक्ष हित्तू गंगवीर, विधायक प्रतिनिधि आकाश गोलछा, पार्षद योगेश लाल, गजानंद रजक, चंदन रजक, चित्रांश रजक, देवेंद्र देवांगन, सूरज पासवान, आशुतोष खरे, शंकर माखीजा, कन्हैया सोनी, गुड्डा दीवान, माणिक साहू, अंबर चंद्राकर, अविनाश मरोठे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।