सिगरेट पीने पर पिता की डांट से आहत किशोर ने कुएं में कूदकर दी जान

Spread the love

औरैया, 12 फरवरी । उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में सदर कोतवाली क्षेत्र के सुरान मार्ग स्थित राहतपुर गांव में बुधवार रात एक हृदयविदारक घटना सामने आई। सिगरेट पीने को लेकर पिता की डांट से आहत होकर 16 वर्षीय किशोर ने करीब 15 फीट गहरे कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार राहतपुर निवासी राजा पुत्र चंदन दोहरे राजा रघुनंदन सिंह इंटर कॉलेज में हाईस्कूल का छात्र था। बताया जा रहा है कि वह कुछ साथियों की संगत में चोरी-छिपे सिगरेट पीने लगा था। बुधवार रात उसके पिता ने उसे सिगरेट पीते देख लिया और डांट-फटकार लगाई। इसी बात से नाराज होकर किशोर घर से निकल गया और पास ही स्थित कुएं में छलांग लगा दी।

घटना रात करीब नौ बजे की बताई जा रही है। ग्रामीणों ने तत्काल यूपी-112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस और नारायणपुर चौकी पुलिस के साथ अग्निशमन दल मौके पर पहुंच गया। करीब आधे घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद किशोर को कुएं से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।