मंडी, 12 फ़रवरी । जेष्ठ एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद हिमाचल प्रदेश की राज्य कार्यकारिणी की बैठक प्रदेश अध्यक्ष अशोक अवस्थी की अध्यक्षता में मांडव चैरिटेबल ट्रस्ट मंडी में संपन्न हुई। बैठक में वरिष्ठ नागरिकों के प्रदेश से जुड़े मुद्दों के अतिरिक्त अंतरराष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस का राज्य स्तरीय समारोह आयोजित करने पर चर्चा हुई। बैठक का मंचीय संचालन प्रदेश महासचिव एम एस चंदेल ने करते हुए विभिन्न मुद्दों पर प्रकाश डाला ।
बैठक को संबोधित करते हुए राज्य अध्यक्ष अशोक अवस्थी और राज्य मुख्य संरक्षक रणपत राणा ने कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए हर जिला में बैठकों का आयोजन किया जाएगा और उस आधार पर सभी जिलों में चर्चा कर एक अक्टूबर 2026 को होने वाले अंतर्राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस का राज्य स्तरीय समारोह का स्थान तय किया जाएगा ।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश को नशा मुक्त करने के लिए राज्य सरकार के साथ बैठक आयोजित की जाएगी और इस बुराई को जड़ से खत्म करने के लिए सरकार और प्रशासन का हर कदम पर सहयोग किया जाएगा। बैठक में सभी वक्ताओं ने प्रदेश सरकार से आग्रह किया कि हर जिला में वरिष्ठ नागरिकों के लिए सुविधा केंद्र खोला जाए। और इसके अतिरिक्त वरिष्ठ नागरिकों के लिए हिमाचल पथ परिवहन निगम में बस पास के लिए दी जा रही 30 प्रतिशत सुविधा को 50 प्रतिशत किया जाए। बैठक में विभिन्न जिलों से आए प्रदेश राज्य कार्यकारिणी के 120 से ज्यादा पदाधिकारीयों ने भाग लिया।