जयपुर, 12 फ़रवरी । जेडीए के प्रवर्तन दस्ते द्वारा जोन-14 में निजी खातेदारी की करीब 6 बीघा भूमि पर बसाई जा रही 2 नवीन अवैध कॉलोनियो को ध्वस्त किया गया।
महानिरीक्षक पुलिस राहुल कोटोकी ने बताया जोन-14 में स्थित ग्राम रामसिंहपुरा, बैरवाओं की ढ़ाणी में करीब 02 बीघा निजी खातेदारी भूमि पर और ग्राम रामसिंहपुरा में ही करीब 4 बीघा निजी खातेदारी भूमि पर अवैध कॉलोनी बसाने के लिए बनाई गई प्लॉटों की बाउण्ड्रीवाल, ट्रीगार्ड सहित अन्य अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया। उन्होंने बताया कि जोन-14 में स्थित सचिवालय नगर में रोड सीमा पर बनाई गई बाउण्ड्रीवाल, पत्थर मलबा डालकर किए गए अतिक्रमणों को हटाया गया। जोन-22 में स्थित जेडीए की योजना रोहिणी नगर में भूखण्ड संख्या 269 की सरकारी भूमि पर बनाई गई सीमेन्ट के ब्लॉक की चारदीवारी, पिल्लर का निर्माण कर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। जोन-09 में स्थित चक गैटोर में सरकारी नाले की भूमि पर बाउण्ड्रीवाल, लोहे का गेट, झाडियां, मिट्टी की डोल इत्यादि अतिक्रमणों को हटाया गया। साथ ही जोन-03 में स्थित लालकोठी योजना के पास, विधानसभा के दक्षिण में मुख्य मार्ग पर रोड सीमा पर कबाड़ का सामान, फर्नीचर, लकडी इत्यादि डालकर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया।