सीधी, 15 फ़रवरी । मध्य प्रदेश के सीधी जिले के कुसमी क्षेत्र में रविवार सुबह एक पुजारी की हत्या का सनसनी खेज मामला सामने आया है। तहसील परिसर स्थित हनुमान मंदिर के पुजारी की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई।
जानकारी के अनुसार पुजारी इन्द्रभान द्विवेदी (75) महाशिवरात्रि के अवसर पर पूजा-अर्चना करने के बाद सुबह करीब 8 बजे मोपेड से घर लौट रहे थे। इसी दौरान हमलावर ने अचानक चलती मोपेड पर अटैक किया, जिससे इन्द्रभान गिर गए। हमला अचानक हुआ। आसपास मौजूद लोग कुछ समझ नहीं पाए। इसके बाद आरोपी लाला केवट (55) ने पुजारी की छाती पर पैर रखा और बके से गर्दन काट दी। उसने सीने और गले पर 8 वार किए।
गंभीर रूप से घायल पुजारी को संभालने से पहले ही उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी लाला केवट (55) को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
परिवार ने बताया—महाशिवरात्रि के कारण जल्दी निकले थेमृतक के भतीजे धीरेश द्विवेदी ने बताया कि इन्द्रभान द्विवेदी प्रतिदिन मंदिर में पूजा करने जाते थे और सामान्यतः सुबह 10 बजे तक घर लौट आते थे। महाशिवरात्रि के कारण वे उस दिन घर से जल्दी निकल गए थे और पूजा के बाद वापस लौट रहे थे, तभी रास्ते में उन पर हमला हुआ।
आरोपी पर पूर्व में भी विवादों के आरोपस्थानीय निवासी विष्णु शर्मा का कहना है कि आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और वह पहले भी कई विवादों में शामिल रहा है। कुछ लोगों का आरोप है कि वह पूजा-पाठ करने वाले लोगों से विवाद करता था। ब्राह्मणों से द्वेष रखता था। कई बार ब्राह्मणों से मारपीट की है। पूजा पाठ करने वाले व्यक्तियों को परेशान करता है। स्थानीय वकील राजेंद्र तिवारी ने बताया कि दिवंगत पुजारी का किसी से व्यक्तिगत विवाद नहीं था। उन्होंने घटना की निष्पक्ष जांच और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने शुरू की जांचघटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। सीधी के एडिशनल एसपी अरविंद श्रीवास्तव ने बताया कि एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच के बाद ही घटना के कारणों को लेकर आधिकारिक जानकारी साझा की जाएगी।