सिरसा, 15 फ़रवरी । स्थानीय पुलिस ने सिरसा जिले के डबवाली व कालांवाली शहर क्षेत्र में चोरी की तीन वारदातों का खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरीशुदा सामान भी बरामद किया है। स्पेशल स्टाफ प्रभारी रामफल ने रविवार को बताया कि डबवाली निवासी विनोद कुमार ने पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई कि एक व्यक्ति मोबाइल खरीदने के बहाने उसकी दुकान पर आया और मौका पाकर तीन मोबाइल लेकर फरार हो गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने सुराग जुटाकर पंजाब के किलियांवाली निवासी गुरमेज सिंह व कृष्ण कुमार को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरीशुदा मोबाइल बरामद कर लिए हैं।
इसके अलावा पुलिस ने डबवाली शहर में एक घर का ताला तोडक़र से हजारों रुपये की नगदी व सामान चोरी का खुलासा करते हुए आरोपी सचिन को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरीशुदा दस हजार रुपये की नकदी बरामद की है। उधर, पुलिस ने कालांवाली निवासी अरमान सिंह के घर में चोरी करने वाले आरोपी संदीप सिंह, गुगनी व मुकेश कुमार को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरीशुदा एक इन्वर्टर, गैस सिलेंडर व इलेक्ट्रिक ड्रिल मशीन बरामद कर ली है। आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है।