भागलपुर, 15 फ़रवरी । भारतीय जनता पार्टी के विधायक रोहित पांडेय ने रविवार को “सेवा तीर्थ” की अवधारणा को देश के प्रति समर्पित एक सशक्त सिंगल विंडो सिस्टम बताया है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक भवन नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री कार्यालय और विभिन्न मंत्रालयों के कार्यों की प्रभावी मॉनिटरिंग तथा समयबद्ध डिलीवरी सुनिश्चित करने वाला व्यापक तंत्र है, जिसका उद्देश्य प्रशासनिक पारदर्शिता और जनसेवा को मजबूत बनाना है।
विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2014 के बाद विकसित भारत की जो परिकल्पना प्रस्तुत की है, वह आज वैश्विक स्तर पर देश को नई पहचान दिला रही है। उनकी नीतियों के कारण शासन व्यवस्था में तेजी, पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ी है, जिससे आम लोगों को सीधे लाभ मिल रहा है। इस दौरान रोहित पांडेय ने विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री की विकासपरक सोच और भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा को विपक्ष स्वीकार नहीं कर पा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी का रुख राष्ट्रहित के विपरीत दिखाई देता है।